रकुल प्रीत सिंह गोवा के इस आलीशान होटल में बनेंगी जैकी भगनानी की दुल्हनिया
क्या है खबर?
अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी एक-दूजे के होने के लिए तैयार हैं। दोनों ही अपने इस खास दिन को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
गोवा में वे अपने खास रिश्ते को शादी का ना देने के लिए तैयार हैं। उनकी शादी से जुड़ी आए दिन नई जानकारी सामने आ रही है।
अब यह भी खुलासा हो गया है कि रकुल और जैकी किस होटल में सात फेरे लेने वाले हैं।
शादी
ITC ग्रैंड में एक-दूजे के होंगे रकुल-जैकी
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रकुल और जैकी की भव्य शादी साउथ गोवा के आलीशान होटल ITC ग्रैंड में होगी। डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए मेहमानों की सूची करीबी दोस्तों और परिवार के लिए सीमित रखी गई है।
रकुल और जैकी के एक करीबी सूत्र ने बताया कि दोनों ने गोवा के ITC ग्रैंड होटल को चुना है। गोवा के शांत माहौल में बना यह विशाल होटल उनकी शादी के सभी समारोहों के लिए सबसे आदर्श है।
खर्च
होटल में एक रात ठहरने पर आता है इतना खर्च
फ्री प्रेस जर्नल के मुताबिक, इस रिजॉर्ट में 246 कमरे हैं और यह 45 एकड़ के हरे-भरे भूभाग में फैला हुआ है।
इसके 6 सिग्नेचर फूड और बेवरेज आउटलेट यहां के प्रमुख आकर्षणों में से एक हैं। इस रिजॉर्ट के सबसे सस्ते कमरे की कीमत लगभग 20,000 रुपये प्रति रात है। इसमें एक निजी बालकनी भी है, जहां से बेहद खूबसूरत नजारा दिखता है।
इस रिजॉर्ट के सबसे महंगे कमरे में एक रात रुकने का खर्च लगभग 91,000 रुपये है।
जानकारियां
ये जानकारियां भी आईं बाहर
सूत्र ने बताया कि 80 मीटर का एक लंबा ब्राइडल वॉकवे है। मेहमानों को समारोह और शादी के लिए कलर की थीम के बारे में बता दिया गया है।
यह एक बीच वेडिंग है, क्योंकि रकुल और जैकी दोनों समंदर के शौकीन हैं।
हनीमून की कोई योजना नहीं है, क्योंकि दोनों शादी के तुरंत बाद काम पर लौटेंगे। रकुल शादी शुरू होने से 3 दिन पहले तक काम करेंगी और एक हफ्ते के अंदर काम फिर से शुरू करेंगी।
शादी की तारीख
21 फरवरी को शादी करने वाले हैं रकुल और जैकी
रकुल और जैकी 21 फरवरी को शादी के बंधन में बंध जाएंगे। दोनों पहले विदेश में शादी करने वाले थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप ट्रिप के बाद उन्होंने भारत में रहकर ही शादी करने का फैसला किया।
शादी में परिवार और करीबी दोस्त शामिल होंगे। मेहंदी 20 फरवरी को होगी, उसके बाद शाम को संगीत पार्टी होगी।
बता दें कि शादी के बाद रकुल और जैकी मुंबई में एक शानदार रिसेप्शन देंगे।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
बता दें कि रकुल और जैकी मुंबई में एक ही बिल्डिंग में रहते हैं। दोनों पड़ोसी हैं। हालांकि, उनकी पहली मुलाकात लॉकडाउन के दौरान हुई थी। 3-4 महीने दोस्त बने रहने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था।