Page Loader
जन्मदिन विशेष: ये हैं राकेश रोशन की सबसे सफल फिल्में, जानिए कहां देख सकते हैं आप
राकेश रोशन की बेहतरीन फिल्में

जन्मदिन विशेष: ये हैं राकेश रोशन की सबसे सफल फिल्में, जानिए कहां देख सकते हैं आप

लेखन मेघा
Sep 06, 2023
07:54 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड के मशहूर निर्माता, निर्देशक और अभिनेता राकेश रोशन आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। 6 सितंबर, 1949 को मुंबई में जन्मे राकेश ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत 1970 में फिल्म 'घर घर की कहानी' से की और कई फिल्मों में अभियन किया। 1987 में राकेश ने फिल्म 'खुदगर्ज' से बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत की और फिर 'के' नाम से कई शानदार फिल्में बनाईं, जिन्हें दर्शकों ने काफी पसंद किया। आइए उनकी कुछ बेहतरीन फिल्मों पर नजर डालते हैं।

#1

'करण अर्जुन'

1995 में आई सलमान खान और शाहरुख खान की फिल्म 'करण अर्जुन' को लोगों ने काफी पसंद किया था। यह फिल्म उस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी। इसमें दिखाया गया था कि दो भाइयों की हत्या कर दी जाती ही, लेकिन उनका फिर से जन्म होता है और वे अपनी मौत का बदला लेते हैं। फिल्म में राखी, काजोल और ममता कुलकर्णी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। यह फिल्म ZEE5 पर मौजूद है।

#2

'कहो ना...प्यार है'

2000 में आई फिल्म 'कहो ना...प्यार है' राकेश की बेहतरीन फिल्मों में शुमार है, जिससे ऋतिक रोशन ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में ऋतिक के साथ अमीषा पटेल नजर आई थीं, जिनकी जोड़ी को लोगों ने काफी प्यार दिया। फिल्म रोहित और सोनिया की प्रेम कहानी थी, जिसमें रोहित की हत्या हो जाती है। इसके बाद सोनिया रोहित के हमशक्ल राज के साथ मिलकर उसकी मौत का बदला लेती है। यह फिल्म ZEE5 पर उपलब्ध है।

#3

'कोई मिल गया'

2003 में आई राकेश की फिल्म 'कोई मिल गया' को आज भी पसंद किया जाता है। इस फिल्म में ऋतिक मुख्य भूमिका में नजर आए थे और उनके साथ प्रीति जिंटा की जोड़ी बनी थी। यह फिल्म रोहित की कहानी दिखाती है, जो दिमागी रूप से थोड़ा सा कमजोर है। हालांकि, वह अपने पापा के बनाए कंप्यूटर के जरिए एक एलियन को धरती पर बुला लेता है, जिसके बाद उसकी जिंदगी बदल जाती है। यह फिल्म ZEE5 पर मौजूद है।

#4

'कृष'

2006 में आई फिल्म 'कृष' 'कोई मिल गया' की ही अलगी कड़ी थी, जिसमें रोहित के परिवार की कहानी दिखाई गई है। फिल्म में ऋतिक के साथ प्रियंका चोपड़ा नजर आई थीं। इस फिल्म में दिखाया गया था कि रोहित के बच्चे के अंदर एलियन से मिली शक्तियां आ जाती हैं। वह जब प्रिया (प्रियंका) से मिलने सिंगापुर जाता है तो उसे अपने पिता की मौत के बारे में पता चलता है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

#5

'काबिल'

2017 में आई राकेश की फिल्म 'काबिल' में ऋतिक और यामी गौतम पहली बार साथ नजर आए थे। फिल्म की कहानी रोहन और सुप्रिया की थी, जो देख नहीं सकते थे। दोनों हंसी-खुशी अपनी जिंदगी जी रहे होते है, लेकिन राजनीतिक संपर्क वाले लोग सुप्रिया का बलात्कार कर देते हैं। इसके बाद सुप्रिया आत्महत्या कर लेती है और रोहन की जिंदगी के साथ ही कहानी में नया मोड़ आता है। इस फिल्म को डिज्नी+ हॉटस्टार पर देखा जा सकता है।