
राजू श्रीवास्तव की पत्नी ने उनकी हालत पर दिया अपडेट, कहा- स्थिर हैं लेकिन दुआ कीजिए
क्या है खबर?
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव करीब एक महीने से दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती हैं। राजू की हालत स्थिर बनी हुई है।
पिछले कुछ समय से चर्चा चल रही थी कि राजू ने अपनी आंखें खोली हैं और पत्नी शिखा श्रीवास्तव का हाथ पकड़ा है।
अब शिखा ने खुद राजू की सेहत को लेकर अपडेट दिया है और लोगों से उनके ठीक होने की दुआ करने के लिए कहा है।
बयान
दुआ कीजिए कि वह जल्दी ठीक होकर वापस आ सकें- पत्नी
बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में शिखा ने बताया, "मैं अभी बस इतना कह सकती हूं कि वह स्थिर हैं। वह अब भी वेंटिलेटर पर हैं और मेडिकल टीम उन्हें ठीक करने की पूरी कोशिश कर रही है। हमें आपकी प्रार्थनाओं की जरूरत है जिससे वह जल्द ठीक होकर हम सबके बीच वापस आ सकें।
कुछ समय पहले राजू संक्रमण का शिकार हो गए थे जिसके बाद उनकी पत्नी का भी उनसे मिलना सीमित कर दिया गया था।
अफवाह
राजू कभी वेंटिलेटर से नहीं हटाए गए थे- परिवार
ई टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार राजू के एक करीबी सूत्र ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि राजू वेंटिलेटर पर ही हैं। उन्हें वेंटिलेटर से हटाया ही नहीं गया था। वह स्थिर हैं और हमें उम्मीद है कि वह जल्द ठीक हो जाएंगे। लोगों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। इससे राजू के प्रियजनों के हौसलों पर असर पड़ता है। राजूजी एक फाइटर हैं और वह जल्द इससे बाहर होंगे।
घटना
10 अगस्त के AIIMS में भर्ती हैं राजू
राजू को 10 अगस्त को दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया था।
जिम में वर्कआउट करने के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उनके ट्रेनर उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए।
उन्हें एक्सरसाइज करते वक्त पहले सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। डॉक्टरों ने ऐंजियोग्राफी करके उनके हृदय की जांच की थी।
राजू खुद को फिट रखने के लिए हमेशा एक्सरसाइज करते थे। उनकी बेटी अंतरा ने कहा था कि उनके पिता को कोई दिल की बीमारी नहीं थी।
ब्रेन डेड होने की अफवाह
राजू के ब्रेन डेड होने की भी उड़ी थी अफवाह
कुछ समय पहले राजू के दिमाग के काम करना बंद करने की खबर आई थी। राजू के मैनेजर ने इस खबर का भी खंडन किया था।
एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था "ऐसा कुछ नहीं है। वह बेहोश हैं। उनके दिमाग की नसों में सूजन आ गई थी। कुछ दवाओं के प्रति उनका शरीर प्रतिक्रिया देने में असमर्थ था। फिर कुछ इंजेक्शन दिए गए, जिससे उनके दिमाग की कुछ नसों में सूजन आ गई। डॉक्टर इसका इलाज कर रहे हैं।"
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
राजू ने 2005 में शो 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' में कॉमेडी करके अपनी पहचान बनाई थी। शो में वह गजोधर नाम के काल्पनिक किरदार पर कॉमेडी करते थे। वह 'बिग बॉस 3' में भी नजर आए थे।