LOADING...
राजपाल यादव को तिहाड़ से छूटते ही सताई कैदियों की ये तकलीफ, प्रशासन से की अपील
राजपाल यादव को रिहा होते ही सताई ये बड़ी चिंता

राजपाल यादव को तिहाड़ से छूटते ही सताई कैदियों की ये तकलीफ, प्रशासन से की अपील

Feb 19, 2026
10:11 am

क्या है खबर?

मशहूर अभिनेता राजपाल यादव ने 9 करोड़ रुपये के कर्ज के मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद जेल प्रशासन को एक ऐसी सलाह दी है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। राजपाल का कहना है कि जेल के अंदर कैदियों के लिए स्मोकिंग एरिया (धूम्रपान क्षेत्र) बनाया जाना चाहिए। उनका मानना है कि जैसे एयरपोर्ट और बड़े दफ्तरों में अलग से स्मोकिंग जोन होते हैं, वैसे ही जेल में भी इसकी व्यवस्था होनी चाहिए।

सलाह

जेलों में निर्धारित धूम्रपान क्षेत्र पर हो विचार- राजपाल

चेक बाउंस मामले में अंतरिम जमानत पर रिहा होने के बाद राजपाल ने जेल की सुविधाओं को लेकर एक अजीब अपील की। PTI के मुताबिक, राजपाल ने बाद में जेल अधिकारियों से सुधार गृहों (जेलों) के भीतर निर्धारित धूम्रपान क्षेत्र बनाने पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने अपने विचार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में स्थित अपने पैतृक गांव की यात्रा के दौरान साझा किए, जहां जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत की थी।

दो टूक

राजपाल बोले- हर कैदी खतरनाक अपराधी नहीं

राजपाल ने कहा कि जेलों में ऐसी प्रणाली होनी चाहिए, जो अनुशासन और सुधार के बीच संतुलन बनाए। उनका तर्क था कि सुधार संस्थान वास्तव में 'सुधार केंद्र' की तरह काम करें, ताकि लोग अपना जीवन फिर से संवार सकें। अभिनेता ने इस बात पर जोर देकर कहा कि हर कैदी को 'खतरनाक अपराधी' नहीं माना जा सकता। बाहर से ये समझना कठिन होता है कि कौन पेशेवर यानी आदतन अपराधी है और किससे अनजाने में गलती हुई है।

Advertisement

मामला

किस मामले में जेल गए राजपाल यादव?

राजपाल को 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस और धोखाधड़ी के मामले में जेल जाना पड़ा था। साल 2010 में राजपाल अपनी फिल्म 'अता पता लापता' बनाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने दिल्ली के एक बिजनेसमैन (मुरली प्रोजेक्ट्स) से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था] जो ब्याज समेत 9 करोड़ हो गया। जब अभिनेता ने कर्ज चुकाने के लिए चेक दिए तो वो बैंक में बाउंस हो गए। इसके बाद बिजनेसमैन ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।

Advertisement

करियर

राजपाल का फिल्मी सफर और आने वाली फिल्में

राजपाल ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1999 में फिल्म 'दिल क्या करे' से की थी। अपनी लाजवाब कॉमेडी से उन्होंने बहुत कम समय में दर्शकों का दिल जीत लिया। 'फिर हेरा फेरी', 'भागम भाग', 'चुपके चुपके', 'ढोल' और 'दे दना दन' जैसी फिल्मों में राजपाल के तमाम यादगार किरदार आज भी लोगों को हंसने पर मजबूर कर देते हैं। जल्द ही वो अक्षय कुमार संग 'वेलकम टू द जंगल' और 'भूत बंगला' में कॉमेडी का तड़का लगाते दिखेंगे।

Advertisement