राजपाल यादव से क्यों खफा हुए उनके प्रशंसक छात्र? अभिनेता बोले- जरूर मिलने आऊंगा
क्या है खबर?
राजपाल यादव इस वक्त आगामी परियोजनओं में व्यस्त हैं। 9 करोड़ के कर्ज मामले में, 16 फरवरी को उन्हें तिहाड़ जेल से रिहाई मिली थी जिसके बाद उन्होंने अपने घर शाहजहांपुर का दौरा किया था। इस दौरान वह अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए थे, लेकिन अपने अन्य प्रशंसकों से मुलाकात नहीं कर सके। नतीजा यह हुआ कि उन प्रशंसक छात्रों ने अपनी निराशा व्यक्त की है, जिन्होंने अपने जेब खर्चे से अभिनेता को जेल में मदद भेजी थी।
मदद
करीब 40 छात्रों ने मदद को बढ़ाया था हाथ
NDTV के मुताबिक, स्कूल अधिकारियों ने बताया कि गुरुकुल सेवा ट्रस्ट के करीब 40 छात्रों ने अपने जेब खर्च से पैसे बचाकर गुल्लक भरी थी। 21 फरवरी को उन्होंने वह पैसे अभिनेता के पैतृक गांव कुंद्रा में डाक द्वारा भेजा था। उनका उद्देश्य था कि राजपाल को इन पैसों से मदद मिल सके। छात्रों ने साथ में एक पत्र भी भेजा था जिसके जरिए उन्होंने मुलाकात करने की इच्छा जाहिर की थी जिसे राजपाल पूरा नहीं कर सके।
बयान
राजपाल यादव ने दिया ये आश्वासन
PTI से फोन पर बातचीत करते हुए राजपाल ने कहा कि वह अभी घर लौटे हैं। उन्हें परिवार के साथ ठीक से बैठने का मौका नहीं मिला। वह मदद करने वालों की जानकारी जुटा रहे हैं। अभिनेता ने कहा, "मैं गुरु परंपरा में विश्वास रखता हूं और ये सभी बच्चे मेरे अपने हैं। मैं उनसे जरूर मिलूंगा, उन्हें गले लगाऊंगा और उनके साथ तस्वीरें लूंगा।" बता दें कि राजपाल मुंबई में 'वेलकम टू द जंगल' की शूटिंग कर रहे हैं।