राजपाल यादव जेल जाकर हुए भावुक; बोले- मेरे पास पैसे नहीं, कोई उपाय नहीं दिखता
क्या है खबर?
मशहूर काॅमेडी अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले के चलते कानूनी नतीजों का सामना करना पड़ रहा है। 5 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद, अभिनेता ने तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया था। हालिया रिपोर्ट के अनुसार, राजपाल ने जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमपर्ण करने से ठीक पहले एक बयान साझा किया। यही नहीं, अपनी हालिया आर्थिक स्थिति को बयां करते वक्त कॉमेडियन अभिनेता उनके सामने फूट-फूटकर रोने लगे।
बयान
जेल अधिकारियों से बोले राजपाल यादव- यहां हम सब अकेले हैं
न्यूज एक्स के मुताबिक, राजपाल ने जेल अधिकारियों के सामने भावुक होकर कहा, "सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। और कोई उपाय नहीं दिखता... सर, यहां हम सब अकेले हैं। कोई दोस्त नहीं है। मुझे इस संकट से खुद ही निपटना है।" बताया जाता है कि आत्मसमपर्ण करते समय वह काफी परेशान थे। उधर अभिनेता का बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग मदद न करने के लिए बॉलीवुड सितारों को खरी-खोटी सुना रहे हैं।
मामला
जानिए क्या था चेक बाउंस से जुड़ा मामला
मामला 2010 का है, जब राजपाल ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ उधार लिए थे। फिल्म फ्लॉप होने से अभिनेता आर्थिक संकट में फंस गए। उन्होंने कर्जा उतारने के लिए चेक जारी किए, जो बाउंस हो गए। 2024 में, अदालत ने अभिनेता की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी, क्योंकि उन्होंने सारा बकाया चुकाने का आश्वासन दिया था, लेकिन वह ऐसा करने में नाकामयाब रहे। नतीजन उन्हें आत्मसमपर्ण करना पड़ा।