'दादा' की चर्चा के बीच जानिए किस क्रिकेटर की फिल्म को मिली सबसे धांसू IMDb रेटिंग
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल और आक्रामक कप्तानों में से एक सौरव गांगुली का सफरनामा जल्द ही बड़े पर्दे पर दिखाई देगा। 'दादा' की इस बायोपिक को लेकर प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। राजकुमार राव अभिनीत इस फिल्म का पहला पोस्टर खूब सुर्खियों में है। वैसे क्रिकेट और बॉलीवुड का नाता पुराना है। इससे पहले भी कई बड़े क्रिकेटराें के जीवन पर फिल्में बन चुकी हैं। आइए जानें IMDb पर किन फिल्मों को सबसे ज्यादा रेटिंग मिली।
#1
'सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स'
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की डॉक्यू ड्रामा फिल्म 'सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स' को दर्शकों ने सिर-आंखों पर बिठाया है। इस फिल्म को IMDb पर 8.4 की सबसे धांसू रेटिंग मिली है, जो किसी भी भारतीय क्रिकेटर की फिल्म के लिए बड़ा रिकॉर्ड है। सचिन की इस फिल्म को मिली ये रेटिंग साबित करती है कि प्रशंसकों के दिलों में 'मास्टर ब्लास्टर' की दीवानगी आज भी सबसे ऊपर है।
#2
'कौन प्रवीन तांबे?'
फिल्म 'कौन प्रवीन तांबे?' डिज्नी+ हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी। श्रेयस तलपड़े अभिनीत इस फिल्म को IMDb पर 8.3 की अविश्वसनीय रेटिंग मिली है। अभिनेता आशीष विद्यार्थी इस बायोग्राफिकल स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म का हिस्सा थे। ये फिल्म एक ऐसे क्रिकेटर (प्रवीण तांबे) की अविश्वसनीय और प्रेरणादायक कहानी है, जिसने कभी हार नहीं मानी और दुनिया की तमाम मुश्किलों को पार करते हुए 41 साल की उम्र में IPL में अपना डेब्यू किया।
#3
'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी'
भारतीय सिनेमा और क्रिकेट के इतिहास की फिल्म 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' को कैसे भूला जा सकता है। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बेहतरीन अदाकारी से सजी इस फिल्म को IMDb पर 8.0 की शानदार रेटिंग मिली है। सुशांत ने धोनी के चलने के अंदाज से लेकर उनके 'हेलीकॉप्टर शॉट' तक को पर्दे पर इतनी शिद्दत से उतारा कि लोगों को लगा ही नहीं कि वे कोई फिल्म देख रहे हैं।
#4
'83'
क्रिकेट इतिहास के उस सुनहरे पन्ने को भला कौन भूल सकता है, जब 1983 में भारतीय टीम ने लॉर्ड्स के मैदान पर पहली बार वर्ल्ड कप उठाकर पूरी दुनिया को चौंका दिया था। इसी ऐतिहासिक जीत पर बनी फिल्म '83' को दर्शकों-समीक्षकों ने खूब सराहा और इसे IMDb पर 7.5 की मजबूत रेटिंग मिली। कबीर खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह ने महान कप्तान कपिल देव का किरदार इस कदर निभाया कि लोग दंग रह गए।