Loading...
सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' का कोरियन रीमेक बनाने की तैयारी, निर्माताओं संग बातचीत जारी
'प्रीतम एंड पेड्रो' को लेकर आया ये अपडेट

सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' का कोरियन रीमेक बनाने की तैयारी, निर्माताओं संग बातचीत जारी

Jul 29, 2026
04:25 pm

क्या है खबर?

निर्देशक राजकुमार हिरानी की सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' दर्शकों की उम्मीदों पर पूरी तरह से खरी उतरी। यह 1 जुलाई को जियोहाॅटस्टार पर रिलीज हुई थी, जिसमें अरशद वारसी और वीर हिरानी मुख्य किरदारों में हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर क्राइम पर आधारित इस सीरीज का कोरियन रीमेक बनाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि एक कोरियाई प्रोडक्शन कंपनी ने इस ड्रामा के अधिकार हासिल करने के लिए निर्माताओं से संपर्क किया है।

बातचीत

कोरियाई पक्ष ने सीरीज पर दिलचस्पी दिखाई

रिपोर्ट के अनुसार, एक सूत्र ने बताया कि कोरियाई प्रोडक्शन कंपनी ने सीरीज के रीमेक अधिकार हासिल करने की संभावना तलाशने के लिए निर्माताओं से संपर्क किया है।

उन्होंने कहा, "बातचीत जारी है, लेकिन अभी यह शुरुआती चरण में है। कोरियाई पक्ष ने सीरीज को अपने स्थानीय दर्शकों के लिए रूपांतरित करने में दिलचस्पी दिखाई है और दोनों पक्ष परियोजना की व्यवहार्यता का पता लगा रहे हैं।"

हालांकि, निर्माताओं या कोरियाई प्रोडक्शन ने अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

सीरीज

साइबर अपराध पर आधारित है सीरीज

'प्रीतम एंड पेड्रो' के जरिए हिरानी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपना डेब्यू किया है, जबकि उनके बेटे वीर ने अभिनय की दुनिया में अपना पहला कदम रखा है।

सीरीज की कहानी गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां एक अनुभवी पुलिस अधिकारी और युवा हैकर की साझेदारी साइबर अपराध के मामलों का पता लगाती है।

विक्रांत मैसी ने निगेटिव किरदार निभाया है और मोना सिंह संक्षिप्त भूमिका में हैं। संजय दत्त, बोमन ईरानी और वीरेंद्र सहवाग ने कैमियो किया है।

ADVERTISEMENT