इस साल बॉक्स ऑफिस पर टकराने के लिए तैयार हैं ये फिल्में, होगा महा-मुकाबला
क्या है खबर?
भारतीय बॉक्स ऑफिस आने वाले दिनों में कई बड़े महाक्लैश देखने को मिलने वाले हैं। इनमें रितेश देशमुख से लेकर वरुण धवन तक कई बड़े सितारों की बहुप्रतीक्षित फिल्में शामिल हैं जो एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगी। दिलचस्प बात यह है कि फिल्मों के बीच का ये महा-मुकाबला अगले महीने, यानी मई से शुरू होने वाला है। चलिए डालते हैं एक नजर उन्हीं फिल्मों पर जो बॉक्स ऑफिस पर टकराने के लिए अपनी कमर को कस चुकी हैं।
#1
'राजा शिवाजी' और 'एक दिन'
रितेश और जेनेलिया डिसूजा अपनी ड्रीम फिल्म 'राजा शिवाजी' 1 मई को लेकर आ रहे हैं। मराठा वीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की जिंदगी पर आधारित यह फिल्म 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक रही है। यह फिल्म इतिहास के गुजरे पलों को एक बार फिर पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। इससे सामना करने जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म 'एक दिन' बॉक्स ऑफिस के मैदान में उतरेगी। आमिर खान प्राेडक्शन द्वारा निर्मित यह एक रोमांटिक-ड्रामा फिल्म है।
#2
'है जवानी तो इश्क होना है', 'चांद मेरा दिल' और 'बंदर'
वरुण, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े अभिनीत रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' 22 मई को सिनेमाघरों का रुख करेगी। इस फिल्म की कहानी लव ट्रायंगल पर आधारित है, जो दर्शकों का मनोरंजन करने का पूरा वादा करती है। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी 'चांद मेरा दिल' भी इसी दिन रिलीज होगी। इसमें अनन्या पांडे और लक्ष्य मुख्य किरदार में हैं। इसके अलावा, बॉबी देओल की क्राइम-थ्रिलर फिल्म 'बंदर' भी 22 मई को सिनेमाघरें में उतरेगी।
#3
'आवारापन 2' और 'लाहौर 1947'
इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' भी इस साल दर्शकों का मनोरंजन करने आ रही है। फिल्म की रिलीज तारीख 14 अगस्त है, जिसका ऐलान कुछ दिन पहले ही किया गया था। इसमें इमरान के साथ दिशा पाटनी नजर आएंगी। यह 2007 में आई 'आवारापन' की सीक्वल है। इसके साथ सनी देओल की 'लाहौर 1947' टकराएगी जिसे 13 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित इस पीरियड ड्रामा में प्रीति जिंटा और शबाना आजमी भी हैं।
#4
'वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' और 'खोसला का घोसला 2'
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की चर्चित फिल्म 'वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' 28 अगस्त को रिलीज होगी। यह एक पौराणिक लोक-थ्रिलर फिल्म है, जिसकी कहानी बिहार की लोककथाओं और जंगलों के रहस्यों पर आधारित है। फिल्म का निर्माण एकता कपूर ने किया है। 2006 में आई कॉमेडी फिल्म 'खोसला का घोसला' अपने सीक्वल के साथ इसी दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी समेत पिछले सभी पुराने चेहरे वापसी करेंगे।