रितेश देशमुख की फिल्म 'राजा शिवाजी' में दिखेगा सबसे बड़ा बदलाव
क्या है खबर?
रितेश देशमुख की ऐतिहासिक फिल्म 'राजा शिवाजी' रिलीज से बस 2 दिन दूर है। सिनेमाघरों में 1 मई को रिलीज हो रही यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम पर आधारित है। इसमें रितेश को छत्रपति के किरदार में देखा जाएगा जिसका ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म को हिंदी के अलावा मराठी भाषा में रिलीज किया जाएगा, लेकिन दोनों संस्करणों में बड़ा अंतर होगा। बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, मराठी के मुकाबले हिंदी संस्करण की अवधि कम होगी।
अवधि
मराठी और हिंदी संस्करणों की अवधि
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के हिंदी संस्करण को सेंसर बोर्ड ने 28 अप्रैल को U/A 16+ प्रमाणपत्र के साथ मंजूरी दी है। इसके अनुसार, फिल्म की कुल अवधि 187.05 मिनट, यानी 3 घंटे, 7 मिनट और 5 सेकंड है। वहीं मराठी संस्करण को 24 अप्रैल को प्रमाणपत्र दिया गया और उसके हिसाब से कुल अवधि 195.05 मिनट है, जो कि 3 घंटे 15 मिनट और 5 सेकंड है। इस तरह फिल्म का हिंदी संस्करण इससे ठीक 8 मिनट छोटा है।
बदलाव
ट्रेलर की अवधि में भी दिखा था बदलाव
फिल्म जगत के एक जानकार ने कहा, "आमतौर पर, किसी फिल्म के 2 संस्करणों की अवधि बिल्कुल समान होती है। हालांकि, रितेश ने एक अनोखा प्रयोग किया है और हिंदी दर्शकों के लिए कहानी को संक्षिप्त रखा है।" दिलचस्प बात यह है कि 'राजा शिवाजी' के मराठी और हिंदी ट्रेलरों में भी यही बात देखने को मिली थी। जहां फिल्म का मराठी ट्रेलर 3 मिनट 5 सेकंड लंबा है, वहीं हिंदी ट्रेलर सिर्फ 2 मिनट 59 सेकंड का है।