रितेश देशमुख की तीखी प्रतिक्रिया के बाद बागेश्वर बाबा ने मांगी माफी, जानिए पूरा मामला
क्या है खबर?
रितेश देशमुख आगामी फिल्म 'राजा शिवाजी' को लेकर चर्चा में हैं जो 1 मई को रिलीज होगी। इसमें उन्हें मराठा वीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के किरदार में देखा जाएगा। हाल ही में, फिल्म विवादों में फंस गई जब आध्यात्मिक गुरु बागेश्वर बाबा उर्फ धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने छत्रपति पर एक विवादित टिप्पणी की। उनके इस बयान पर अभिनेता ने नाराजगी जाहिर करते हुए दावा किया कि उन्होंने इतिहास विकृत किया है। अब आखिरकार आध्यात्मिक गुरु ने माफी मांगी है।
प्रतिक्रिया
बागेश्वर बाबा ने माफी मांगी
मीडिया से बातचीत में, बागेश्वर बाबा ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ छत्रपति शिवाजी महाराज की संतों, आध्यात्मिक गुरुओं और देवी तुलजाभवानी के प्रति अपार श्रद्धा व्यक्त करना चाहता था। हालांकि, मेरे शब्दों का अर्थ तोड़-मरोड़ कर कुछ लोगों ने मामले को विकृत रूप में प्रस्तुत किया है। अगर मेरी बातों से किसी को दुख पहुंचा हो या भावनाओं को ठेस पहुंची हो, तो मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं।"
बयान
छत्रपति को लेकर ये बोल गए थे बागेश्वर बाबा
दरअसल महाराष्ट्र के नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक गुरु ने कहा था कि छत्रपति शिवाजी यृद्धों से थक गए थे; वह पूरी तरह से निढाल हो चुके थे। इसलिए, उन्होंने समर्थ रामदास स्वामी से संपर्क किया और अपना मुकुट उतारकर संत के चरणों में रख दिया और उनसे राज्य संभालने का अनुरोध किया। उनके इस बयान पर रितेश ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि उनकी विरासत को कमतर दिखाने की कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
पोस्ट
रितेश देशमुख ने लिखा पोस्ट
रितेश ने लिखा था, 'जब कोई हमारे पूजनीय देवता के बारे में मनगढ़ंत बात करता है, तो एक शिव-प्रेमी होने के नाते, यह बात मुझे बिल्कुल भी मंजूर नहीं। मुझे बहुत गुस्सा आता है। जिस तरह सह्याद्री की पर्वतमालाएं लाखों वर्षों से मौजूद हैं, उसी तरह वह नाम भी करोड़ों वर्षों तक रहेगा। वह नाम है सम्राटों के सम्राट छत्रपति महाराज का।' बता दें, 'राजा शिवाजी' में जेनेलिया डिसूजा, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, विद्या बालन और फरदीन खान भी हैं।