दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे निर्देशक राज, गायक के व्यवहार को लेकर कही यह बात
क्या है खबर?
दिग्गज गायक दलेर मेहंदी उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के आरोपों के बाद विवादों में घिर गए हैं। उनियाल ने दावा किया था कि नवरात्रि उत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में दलेर नशे की हालत में थे और 35 लाख रुपये लेने के बावजूद सिर्फ लिप-सिंक कर रहे थे। इस बीच, स्क्रीन से बातचीत में निर्देशक और लेखक राज शांडिल्य ने दलेर का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दलेर कभी शराब नहीं पीते हैं।
तारीफ
राज ने की दलेर की तारीफ
राज ने बताया, "जब मैं गंगा घाट पर दलेर के साथ इस गाने की शूटिंग कर रहा था, तब कड़ाके की ठंड थी। उस समय उनकी तबीयत भी कुछ ठीक नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद वे ऋषिकेश आए और हमारे साथ लगातार 2 रातें शूटिंग की। उनके शराब पीने को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे सच नहीं हैं, कम से कम मेरे अनुभव के हिसाब से तो नहीं। मैंने उन्हें कभी शराब पीते हुए नहीं देखा है।"
समर्थन
राज ने किया दलेर का समर्थन
राज ने आगे बताया, "आमतौर पर, लोग ऊंचाई वाली जगहों पर सर्दी-खांसी से राहत पाने के लिए ब्रांडी पीते हैं, लेकिन उन्होंने ऐसा भी नहीं किया। वह पिछले 35-40 सालों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। एक कलाकार हमेशा यही सोचता है कि अगर उसकी तबीयत ठीक नहीं भी है, तो भी उसकी वजह से किसी कार्यक्रम या किसी और व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।"
अनुभव
दलेर के साथ राज का शूटिंग अनुभव रहा अच्छा
राज कहते हें, "अगर प्रदर्शन थोड़ा भी खराब हो जाए, तो लोग सीधे कलाकार पर शराब पीने और ठीक से गाना न करने का आरोप लगा देते हैं। मुझे यह बहुत अजीब लगा। लोगों को समझना चाहिए कि वह हमारे वरिष्ठ कलाकार हैं और एक लीजेंड हैं। उनके साथ शूटिंग करने का मेरा अनुभव बहुत अच्छा रहा था।"
राज के अलावा दलेर के समर्थन में मीका सिंह से लेकर कपिल शर्मा तक आ गए हैं।