राज कुंद्रा को पोर्नोग्राफी मामले में 23 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया
क्या है खबर?
मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अदाकारा शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को पोर्नोग्राफी के मामले में सोमवार को गिरफ्तार किया था।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इसी साल फरवरी में इस संबंध में मामला दर्ज किया था। मुंबई पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले ने कहा था कि राज इस केस में मुख्य साजिशकर्ता प्रतीत होते हैं।
अब इस मामले में राज को 23 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी
राज के साथ उनके सहयोगी रयान थारप को किया गया गिरफ्तार
राज के सहयोगी रयान थारप को भी आज सुबह गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने रयान को मुंबई के नेरुल इलाके से गिरफ्तार किया था।
रयान और राज दोनों को मुंबई के एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 23 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
दोनों पर अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें कुछ ऐप पर दिखाने का आरोप लगा है। मामले में मुंबई पुलिस शिल्पा से भी पूछताछ कर सकती है।
मामला
ऐसे हुआ मामले का पर्दाफाश
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिल्पा राज के अधिकांश प्रोजेक्ट की बिजनेस पार्टनर हैं। इस लिहाज से शिल्पा से भी जांच के दौरान पुलिस पूछताछ कर सकती है।
अदालत में पुलिस के बयान के अनुसार, एक महिला गहना वशिष्ठ की गिरफ्तारी के बाद मामले में राज की संलिप्तता उजागर हुई है।
उस महिला ने राज के पूर्व निजी सहायक उमेश कामत का नाम लिया था। पुलिस ने बताया कि उमेश ने ही राज की संलिप्तता का खुलासा किया है।
सूचना
व्हाट्सएप ग्रुप के चैट को पुलिस मान रही आधार
राज ने मामले में अपने ऊपर लगे सभी आरापों को खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि Hotshot नामक ऐप को उन्होंने प्रदीप बख्शी को बेच दिया था।
हालांकि, पुलिस ने कहा कि जांच से पता चला है कि राज ऐप के फाइनेंस पर नियमित रूप से जानकारी लेते थे।
बताया गया है कि उन्होंने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था, जिस पर Hotshot क्लिप के उत्पादन, वितरण और बिक्री पर चर्चा की गई थी।
जानकारी
मामले में 12 लोगों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस का मानना है कि गहना और उमेश पोर्न फिल्म बनाने और उसकी शूटिंग में संलिप्त थे। इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने PTI को बताया कि एक महिला ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी थी कि उसे फिल्मों में एक्टिंग के रोल का लालच देकर पोर्न फिल्मों में काम करने के लिए मजबूर किया गया है।
इसके बाद मामले में 4 फरवरी को FIR दर्ज किया गया था।
शादी
2009 में राज ने शिल्पा से रचाई थी शादी
2009 में राज और शिल्पा ने शादी की थी। दोनों की पहली मुलाकात लंदन में हुई थी। उस समय शिल्पा परफ्यूम ब्रांड S-2 का प्रमोशन कर रही थीं। शिल्पा और राज का एक नौ साल का बेटा वियान है।
पिछले साल शिल्पा ने सरोगेसी से बेटी को जन्म दिया था।
राज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम राजस्थान रॉयल्स के हिस्सेदार थे। 2013 में दिल्ली पुलिस ने राज से सट्टेबाजी और स्पॉट फिक्सिंग कांड के संबंध में पूछताछ की थी।