'फर्जी 2' की शूटिंग खत्म, राज और डीके ने बांधे शाहिद कपूर की तारीफों के पुल
निर्देशक जोड़ी राज एंड डीके ने हाल ही में शाहिद कपूर के साथ अपनी आने वाली सीरीज 'फर्जी 2' की शूटिंग पूरी कर ली है।
निर्देशकों ने इंस्टाग्राम पर शूटिंग के बाद का एक मजेदार पल साझा किया। उन्होंने शाहिद के अभिनय की खूब तारीफ की और बताया कि वह शूटिंग खत्म होते ही कैसे तुरंत अपने किरदार से बाहर निकल आते हैं।
उन्होंने लिखा, 'आर्टिस्ट का काम खत्म! और देखो, वह तुरंत अपने किरदार से बाहर भी आ गए! शानदार काम शाहि। इस बार हमने मिलकर कुछ कमाल का काम किया है।'
'फर्जी' में क्राइम और डार्क कॉमेडी का है मेल
साल 2023 में प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई 'फर्जी' एक क्राइम और डार्क कॉमेडी सीरीज है। यह कहानी एक ऐसे कलाकार की है, जो बाद में नकली नोट छापने वाला जालसाज बन जाता है।
इस सीरीज में विजय सेतुपति, केके मेनन, राशि खन्ना और भुवन अरोड़ा जैसे दमदार कलाकार भी हैं। शो के पहले सीजन को उसकी अनोखी कहानी कहने के अंदाज के लिए काफी सराहा गया था।