राधिका आप्टे का बॉक्स ऑफिस के गणित पर तंज- मैं आलिया भट्ट या दीपिका पादुकोण नहीं
क्या है खबर?
अभिनेत्री राधिका आप्टे ने बॉक्स ऑफिस के कड़वे सच पर अपनी राय रखी है। उनके मुताबिक, अगर फिल्म में आलिया भट्ट या दीपिका पादुकोण जैसी बड़ी अभिनेत्रिया न हों तो महिला प्रधान फिल्मों को सिनेमाघरों में बड़ी रिलीज मिलना मुश्किल होता है। नेटफ्लिक्स की सीरीज 'अक्का' को लेकर सुर्खियां बटोर रहीं राधिका ने सिनेमाघरों से दूरी पर कहा कि उन्हें माध्यम से फर्क नहीं पड़ता। उनके लिए फिल्म का किसी भी जरिए से दर्शकों तक पहुंचना ज्यादा मायने रखता है।
दो टूक
"लीड रोल करूंगी तो फिल्म फ्लॉप हो जाएगी"
राधिका बोलीं, "अगर मैं किसी फिल्म में मुख्य भूमिका निभाती हूं तो भले ही वो बेहतरीन फिल्म क्यों न हो, सिनेमाघरों में उसके फ्लॉप होने की संभावना ज्यादा रहेगी। मुझमें वो स्टार पावर नहीं है ईमानदारी से कहूं तो मैं आलिया भट्ट या दीपिका पादुकोण जैसी नहीं हूं, जिनकी फिल्मों से कम से कम अच्छी ओपनिंग की उम्मीद की जा सके। इसी वजह से मुझे अक्सर ऐसी फिल्मों का हिस्सा बनना पड़ता है, जहां पुरुष मुख्य भूमिकाओं में होते हैं।"
हिंसा
फिल्मों में बढ़ती हिंसा पर भड़कीं राधिका
फिल्मों में बढ़ती हिंसा पर तंज कसते हुए राधिका ने कहा कि आजकल सिनेमाघरों में सिर्फ खून-खराबा ही चल रहा है, जिसके वाे सख्त खिलाफ हैं।
राधिका ने ऐसी फिल्मों को बेतुका बताते हुए कहा कि वह इस तरह के सिनेमा से दूर ही रहना पसंद करती हैं।
उनके मुताबिक, 50 लोगों की बेरहमी से हो रही पिटाई को देखकर पॉपकॉर्न खाते हुए मनोरंजन करना उनकी समझ से बाहर है और वो ऐसी किसी फिल्म का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं।