गुमनामी से सीधे सोशल मीडिया पर छाईं मालिनी शर्मा, फॉलोअर्स बढ़ने पर जताया आभार
क्या है खबर?
डिनो मोरिया और बिपाशा बसु की फिल्म 'राज' (2002) में भूतनी का किरदार निभाने वालीं अभिनेत्री मालिनी शर्मा इन दिनों सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। दरअसल, पिछले 23 साल से गुमनामी की जिंदगी जी रहीं अभिनेत्री हाल ही में कैमरे पर आईं थी। उन्होंने बताया कि चकाचौंध की दुनिया से दूर होकर वह पहाड़ियों में एक फार्मस्टे चलाती हैं। देखते ही देखते उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फॉलोअर्स की संख्या में उछाल आ गया।
आभार
मालिनी ने वीडियो साझा करके लोगों का आभार जताया
मालिनी ने अपने इंस्टाग्राम पेज 'द स्लो लोकल' पर फॉलोअर्स बढ़ने पर लोगों का आभार जताया।
उन्होंने कहा, "हाय, मैं मालिनी हूं, द स्लो लोकल डायरीज से। आप लोगों ने तो कमाल कर दिया। इसकी मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। धन्यवाद, आभार। सच कहूं तो मेरे पास कहने के लिए कोई शब्द नहीं हैं।"
बता दें, मालिनी के इंस्टाग्राम पर पहले 644 फॉलोअर्स थे, जो वीडियो वायरल होने के बाद 28 हजार तक पहुंच गए हैं।
आग्रह
व्हाट्सएप के जरिए फार्मस्टे से संपर्क करने को कहा
मालिनी ने 'द स्लो लोकल' से संपर्क करने की कोशिश कर रहे लोगों से अनुरोध करते हुए कहा कि वह कॉल की बजाय व्हाट्सएप के जरिए फार्मस्टे से संपर्क करें।
उन्होंने कहा, "हमारा फार्मस्टे बहुत छोटा-सा है। इतनी सारी कॉल फार्मस्टे वाले नंबरों पर प्रोसेस करना हमारे लिए मुश्किल हो रहा है। इंस्टा पर तो आप मुझे मैसेज भेज रहे हैं और बहुत सारे भेज रहे हैं। मैं कम से कम एक बार सभी को जवाब देने की कोशिश करूंगी।"
सफर
'राज' से 'द स्लो लोकल' तक मालिनी का सफर
मालिनी काे एक मॉडल के रूप में और संगीत वीडियो में अपनी उपस्थिति के लिए जाना जाता था।
उन्होंने विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म 'राज' में भूतनी का किरदार निभाकर रातों-रात लोकप्रियता हासिल कर ली थी। इसके बाद उन्हें टीवी सीरीज 'कैट्स' में अभिनय किया।
धीरे-धीरे मालिनी ने बॉलीवुड की चकाचौंध से दूरी बना ली। अब वह पुणे के पास सह्याद्री पहाड़ियों में स्थित 'द स्लो लोकल' नाम का एक फार्महाउस चलाती हैं। उनका जीवन शांत वातावरण में बीतता है।