'मालामाल वीकली 2' के लिए दिग्गज निर्माताओं ने मिलाया हाथ, ये निर्देशक उठाएगा जिम्मेदारी
क्या है खबर?
परेश रावल की फिल्म 'मालामाल वीकली' की कड़ी का ऐलान जब से हुआ है, यह लोगों के बीच चर्चा में है। फिल्म में नए-नए चेहरों के जुड़ने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं और अब एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। खबर है कि 'मालामाल वीकली 2' को बड़े पैमाने पर बनाने के लिए 2 दिग्गजों ने आपसी सहयोग की घोषणा की है। दोनों मिलकर फिल्म बनाने के लिए एक साथ आए हैं, जबकि निर्देशन अमित जोशी करेंगे।
परियोजना
'मालामाल वीकली 2' पर शुरू हो चुका काम
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, 'मालामाल वीकली 2' के लिए निर्माता सुभाष काले और चंद्रप्रकाश जैन साथ आए हैं।
सूत्र ने कहा, "निर्माता परियोजना के लिए एक मजबूत निर्माण और वित्तीय सहायता चाहते थे। सुभाष, जिन्होंने पद्मावत (2018) और स्त्री (2018) जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपनी तकनीकी दक्षता साबित की, ने व्यापार जगत के दिग्गज एस चंद्रप्रकाश जैन के साथ हाथ मिलाया है। उनके सहयोग से यह हाल के समय की सबसे बड़ी व्यावसायिक कॉमेडी-फिल्मों में से एक बन गई है।"
कलाकार
फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे
सूत्र ने आगे कहा, "यह साझेदारी हर मायने में बेजोड़ है। एक तरफ, सुभाष AI वर्कफ्लो, VFX और उच्च स्तरीय पोस्ट-प्रोडक्शन व लाइन-प्रोडक्शन क्षमताएं लाए हैं; वहीं, एस चंद्रप्रकाश दशकों का व्यापारिक अनुभव और एक व्यापक वितरण नेटवर्क लाए हैं। टीम एक शानदार थिएट्रिकल रिलीज का लक्ष्य लेकर चल रही है।"
बता दें, नवंबर 2026 तक फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। परेश के अलावा, इसमें रितेश देशमुख, राजपाल यादव, रवीना टंडन, परिणीति चोपड़ा, शिल्पा शिराेडकर और एल्विश यादव नजर आएंगे।