सलमान खान के 'काला हिरण' केस पर बनी फिल्म को लेकर घमासान, अब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
'काला हिरण: द बैटल फॉर लीगेसी' फिल्म के निर्माता अमित जानी ने दिल्ली हाई कोर्ट के एक आदेश को चुनौती दी है। इस आदेश के बाद उन्हें अपनी फिल्म के टीजर और प्रोमोज हटाने पड़े थे।
दरअसल, कोर्ट ने सलमान खान का पक्ष लिया था। सलमान ने दलील दी थी कि इन प्रोमोज में एक किरदार को उनके जैसा दिखाया गया है। उस किरदार ने उनका मशहूर नीला ब्रेसलेट भी पहना है और एक पोस्टर में उसे बंदूक पकड़े हुए भी दिखाया गया है। सलमान का कहना था कि इन दृश्यों से लोग भ्रमित हो सकते हैं।
यह फिल्म साल 1998 में सलमान से जुड़े काले हिरण शिकार मामले पर आधारित है।
अमित ने लागाया ये आरोप
अमित का कहना है कि यह आदेश उनकी बोलने की आजादी का उल्लंघन करता है। उनका मानना है कि जो मामले सार्वजनिक हों, उन पर फिल्में या कहानियां बनाने पर रोक नहीं लगनी चाहिए।
अमित ने यह भी आरोप लगाया है कि कोर्ट ने फैसला सुनाने से पहले उनकी टीम को अपना पक्ष रखने के लिए पूरा समय नहीं दिया।
अब इस मामले में आगे क्या होगा, यह सुप्रीम कोर्ट तय करेगा।