प्रियंका सिंघा और रणविजय सिंह दोबारा बनने वाले हैं माता-पिता
क्या है खबर?
रियलिटी शो 'रोडीज' फेम रणविजय सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंघा दोबारा माता-पिता बनने वाले हैं। इस बात की जानकारी इन्होंने सोशल मीडिया पर दी है।
यह कपल पहले से एक बेटी कायनात के माता-पिता हैं। उनकी पहली बेटी का जन्म 16 जनवरी, 2017 को हुआ था।
रणविजय ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फोटो शेयर करके पत्नी की प्रेग्नेंसी के बारे में जानकारी दी है। खुशखबरी सामने आने के बाद फैंस की तरफ से उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं।
सोशल मीडिया
रणविजय प्रियंका के बेबी बंप पर हाथ रखे हुए दिखे
रणविजय द्वारा शेयर किए गए फोटो में उनके अलावा उनकी पत्नी और बेटी नजर आ रही हैं। इस फोटो में यह कपल काफी खुश नजर रहा है।
रणविजय अपनी पत्नी प्रियंका के पेट पर हाथ रखे हुए और मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं। शायद इस प्रकार वह अपनी पत्नी की गर्भावस्था के बारे में बताना चाह रहे हैं।
प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड किया है, जिसमें वह अपने पति और बेटी के साथ मस्ती करती हुई दिख रही हैं।
प्रेम कहानी
2014 में हुई थी दोनों की शादी
रणविजय और प्रियंका की मुलाकात कॉमन फ्रैंड्स के जरिए हुई थी।
प्रियंका लंदन की रहने वाली हैं और जब वह अपने किसी रिश्तेदार से मिलने भारत आई थीं, तभी उनकी मुलाकात रणविजय से हुई। इसके बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया।
अपनी शादी के लिए उन्हें अपने परिवार वालों को राजी करना पड़ा था। इस कपल ने काफी गुपचुप तरीके से 2014 में केन्या में शादी रचाई थी।
बयान
रणविजय ने पिता बनने के अनुभव को किया था साझा
रणविजय ने कहा था कि पिता बनने के बाद वह अधिक जिम्मेदार इंसान बने हैं।
उन्होंने इंटरव्यू में कहा था, "मेरी बेटी मेरे अंदर काफी बदलाव लेकर आई है और कभी-कभी वास्तव में खुद के अंदर इन बदलावों को देख कर मैं सरप्राइज हो जाता हूं। कई मामलो में कायनात ने मुझे अधिक जिम्मेदार बना दिया है।"
उन्होंने कहा कि हर दिन काम खत्म करने के बाद मैं घर जाने और उसके साथ समय बिताने के लिए उत्साहित रहता हूं।
वर्कफ्रंट
इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में रहे हैं रणविजय
रणविजय को 'रोडीज' में जज की भूमिका में अच्छी लोकप्रियता मिली थी। इसके अलावा उन्हें हिंदी और पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय करते हुए देखा गया है।
रणविजय जल्द ही सनी लियोन के साथ MTV के शो 'स्प्लिट्सविला X3' को होस्ट करते नजर आएंगे।
वह अजय देवगन और सलमान खान की फिल्म 'लंदन ड्रीम्स' में भी नजर आए थे। विपुल शाह के निर्देशन में बनी 'लंदन ड्रीम्स' में दोस्ती, दुश्मनी, महत्वाकांक्षा और प्रेम के विभिन्न किस्सो को दिखाया गया था।