LOADING...
रवि मोहन तलाक विवाद: प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा बोलीं- हमेशा मर्द गलत नहीं होता
रवि मोहन के समर्थन में उतरीं प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा

रवि मोहन तलाक विवाद: प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा बोलीं- हमेशा मर्द गलत नहीं होता

May 17, 2026
09:27 pm

क्या है खबर?

तमिल स्टार रवि मोहन (जयम रवि) और उनकी पूर्व पत्नी आरती के बीच चल रहे विवाद में अब प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन और अभिनेत्री मीरा चोपड़ा कूद गई है। मीरा खुलकर रवि मोहन के समर्थन में उतर आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पुरुषों के अधिकारों की वकालत करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। मीरा का कहना है कि शादी से जुड़े विवादों में हमेशा मर्द ही गलत नहीं होता। महिलाएं भी कानूनों का गलत फायदा उठाती हैं।

निशाना

कानूनों का गलत फायदा उठाती हैं कई महिलाएं- मीरा

एक्स पर अपनी बात रखते हुए मीरा ने लिखा, 'मैं इस शख्स को जयम रवि के नाम से जानती हूं। जब मैं साउथ की फिल्मों में काम कर रही थी, तब मैं उन्हें काफी अच्छे से जानती थी। अभी उनके तलाक के बारे में पढ़ा। मेरी राय बस इतनी सी है कि हर बार पुरुष ही गलत नहीं होता। मैं ऐसी कई महिलाओं को देख रही हूं, जो महिलाओं के पक्ष में बने कानूनों का गलत फायदा उठाती हैं।'

न्याय की मांग

रवि मोहन के लिए न्याय मांगती मीरा चोपड़ा का पोस्ट वायरल

मीरा ने लिखा, 'एक पुरुष की बात भी सुनी जानी चाहिए। मैं उन्हें एक बेहद प्यारे और सीधे-सादे इंसान के रूप में जानती हूं। मुझे उम्मीद है कि उन्हें सच और न्याय मिलेगा।' मीरा का ये पोस्ट खूब चर्चा में है और ज्यादातर लोगों ने उनका समर्थन किया है। लोकप्रिय साउथ अभिनेत्री अंबिका ने कहा कि रवि मोहन को इस मौजूदा विवाद से गुजरते हुए देखना 'बेहद दुखद' है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी यातनाएं और परेशानियां जल्द खत्म होंगी।

Advertisement

वायरल वीडियो

कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोए सुपरस्टार रवि मोहन

तमिल सुपरस्टार रवि मोहन (जयम रवि) और उनकी पत्नी आरती रवि के बीच चल रहा तलाक का विवाद अब एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाले मोड़ पर आ गया है। हाल ही में चेन्नई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रवि मोहन मीडिया के सामने बात करते हुए रो पड़े। कैमरे के सामने उनकी नम आंखें और उनका भावुक होना इस समय पूरी फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है।

Advertisement

ऐलान

"तलाक होने तक एक्टिंग नहीं करूंगा"

रवि मोहन ने रोते हुए एक बेहद बड़ा और चौंकाने वाला ऐलान किया। उन्होंने कहा, "जब तक आरती रवि से आधिकारिक तौर पर मेरा कानूनी तलाक नहीं हो जाता, तब तक मैं किसी भी फिल्म में एक्टिंग नहीं करूंगा।" उन्होंने साफ किया कि चल रहे मानसिक तनाव और ऑनलाइन प्रताड़ना के कारण वह फिलहाल काम करने की स्थिति में नहीं हैं। जब उनका तलाक हो जाएगा और जिंदगी नॉर्मल हो जाएगी, तब वो वापस कैमरे के सामने लौटेंगे।

रिश्ता

15 साल का सफर, अचानक तलाक और बीच में आया केनिशा का नाम

जयम रवि और आरती की शादी साल 2009 में हुई थी। उनके 2 बेटे हैं। सितंबर 2024 में जयम ने अचानक सोशल मीडिया पर आरती से अलग होने और तलाक लेने का एकतरफा ऐलान किया था। इसके तुरंत बाद आरती ने पलटवार कर दावा किया कि ये फैसला उनकी सहमति के बिना लिया गया है और उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। विवाद तब और खड़ा हो गया, जब जयम का नाम केनिशा के साथ जोड़ा जाने लगा।

Advertisement