'मालामाल वीकली 2' को झटका, शुरू होने से पहले पुराने निर्देशक-अभिनेता ने छोड़ा साथ
क्या है खबर?
साल 2006 में आई हिट फिल्म 'मालामाल वीकली' का सीक्वल काफी वक्त से चर्चा में है। ताजा अपडेट है कि मूल फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन ने परियोजना से अपने हाथ खींच लिए हैं। उनके अलावा, मुख्य अभिनेता रितेश देशमुख भी सीक्वल में दिखाई नहीं देंगे। दरअसल, माना जा रहा था कि फिल्म में नए कलाकारों के साथ पुरानी कास्ट भी शामिल होगी जिसमें रितेश का नाम सबसे ऊपर माना जा रहा था।
पुष्टि
प्रियदर्शन ने सीक्वल से किया किनारा
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, प्रियदर्शन ने पुष्टि की है कि वह 'मालामाल वीकली 2' का हिस्सा नहीं हैं।
उन्होंने लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने में अपने रोल से इनकार करते हुए कहा, "मैं यह नहीं कर रहा हूं। मैंने कोई सीक्वल न करने का फैसला किया है।"
उनके रुख से साफ हो गया है कि वह ओरिजिनल फिल्म का फॉलो-अप डायरेक्ट करने के लिए वापस नहीं आएंगे।उनके अलावा, रितेश भी सीक्वल में शामिल नहीं होंगे।
फिल्म
इन कलाकारों को सीक्वल में देखा जाएगा
'मालामाल वीकली 2' को लेकर अब तक जो अपडेट आया है, उसके हिसाब से रवीना टंडन, परिणीति चोपड़ा, ईशा देओल, एल्विश यादव और शिल्पा शिरोडकर जैसे नाम तय हो चुके हैं।
यह भी कहा जा रहा है कि मूल फिल्म के कलाकार परेश रावल और राजपाल यादव भी लौटेंगे।
सभी कलाकारों की ओर से मौखिक सहमति मिल चुकी है। इसके निर्देशन की जिम्मेदारी 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' के सह-निर्देशक रहे अमित जोशी ने उठाई है।