फिल्म 'खलीफा' से तहलका मचाने को पृथ्वीराज सुकुमारन तैयार, आई रिलीज तारीख
क्या है खबर?
पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म 'खलीफा' का ऐलान 2022 में किया गया था। पिछले साल फिल्म की शूटिंग शुरू तो हुई, लेकिन फिर इसकी रिलीज में देरी की खबरें आनी शुरू हो गईं। अब निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर इसकी रिलीज तारीख से पर्दा उठाते हुए अफवाहों पर ब्रेक लगा दिया है। साथ ही साथ निर्माताओं ने आधिकारिक पुष्टि की है कि फिल्म का एक प्रीक्वल 'खलीफा पार्ट 2: हिज रेन' भी होगा, जिसमें मोहनलाल मुख्य किरदार निभाएंगे।
रिलीज
ओणम के त्योहार पर रिलीज होगी 'खलीफा'
वैशाख द्वारा निर्देशित फिल्म 'खलीफा' 20 अगस्त, 2026 को ओणम के त्योहार पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज तारीख जारी करते हुए अभिनेता के आधिकारिक नेटवर्क पॉफैक्टियो ने लिखा, 'हे! आमिर अली 20 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में आपसे मिलेंगे!' फिल्म में पृथ्वीराज को आमिर अली नाम के एक तस्कर के किरदार में देखा जाएगा। फिल्म की कहानी पश्चिम एशिया, लंदन, नेपाल और केरलम तक फैले अंतरराष्ट्रीय सोने की तस्करी के नेटवर्क के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई देगी।
डेब्यू
नील नितिन मुकेश करेंगे मलयालम सिनेमा में डेब्यू
पिंकविला के मुताबिक, माेहनलाल इसमें पृथ्वीराज के दादा, मंबारक्कल अहमद अली के रूप में कैमियो करेंगे, जबकि प्रीक्वल में मुख्य भूमिका निभाएंगे। बॉलीवुड अभिनेता नील नितिन मुकेश भी परियोजना का हिस्सा हैं और मलयालम सिनेमा में अपना डेब्यू कर रहे हैं। 'खलीफा' के अलावा, पृथ्वीराज के पास एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' भी है, जिसमें उनके साथ महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा मुख्य किरदार में दिखेंगे। यह फिल्म अप्रैल, 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।