जम्मू-कश्मीर में पहले अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का हुआ अनावरण, जानिए क्या होगा खास?
जम्मू-कश्मीर में 7 से 10 सितंबर 2026 तक पहला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFJK) होने जा रहा है, जिसकी जोरदार तैयारियां चल रही हैं।
इसमें 41 देशों की 135 फिल्में शामिल होंगी। इस बड़े आयोजन का मकसद जम्मू-कश्मीर को दुनिया के सांस्कृतिक नक्शे पर पहचान दिलाना है।
मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने सभी विभागों से मिलकर काम करने और इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कहा है।
IFFJK में मिलेगा 96 लाख का पुरस्कार
इस सूची में भारत की 64 फिल्में सबसे ऊपर हैं। फ्रांस और ईरान की फिल्मों की भी अच्छी मौजूदगी रहेगी। सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक जैसी कई कैटेगरी में विजेताओं को कुल 96 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
इसमें स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए एक विशेष सम्मान भी शामिल है। फेस्टिवल में विधु विनोद चोपड़ा जैसे जाने-माने निर्देशक मास्टरक्लास देंगे।
साथ ही, संतोष सिवन और साउंड डिजाइनर रेसुल पुकुट्टी जैसे दिग्गज फिल्मी हस्तियां जूरी का हिस्सा होंगी। इससे इस पहले आयोजन की विश्वसनीयता और बढ़ जाएगी।