
प्रतिभा रांटा ने 'लापता लेडीज' की सफलता पर दी प्रतिक्रिया, बोलीं- यह एक इमोशन है
क्या है खबर?
किरण राव की फिल्म 'लापता लेडीज' इस साल 1 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी। हालांकि, नेटफ्लिक्स पर इस फिल्म ने धमाल मचा दिया है।
फिल्म की कहानी और तमाम सितारों की अदाकारी ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म में स्पर्श श्रीवास्तव, प्रतिभा रांटा और नितांशी गोयल ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
अब प्रतिभा ने 'लापता लेडीज' की सफलता पर प्रतिक्रिया दी है।
बयान
प्रतिभा ने कही ये बात
प्रतिभा ने हाल ही में किरण के साथ काम करने का अनुभव साझा किया है।
प्रतिभा ने कहा, "दर्शक इस फिल्म से बहुत गहराई के साथ जुड़े। 'लापता लेडीज' अब एक इमोशन बन गई है। यह देखना बहुत सुंदर है कि लोगों ने किस तरह भावनात्मक रूप से इस फिल्म से खुद को जोड़ा है। करण राव मैम बेहतरीन निर्देशक हैं।"
इस फिल्म का निर्माण आमिर खान ने किया है। इस फिल्म में रवि किशन भी अहम भूमिका में हैं।
कहानी
दिखेगी घूंघट की आड़ में दुल्हन बदलने की दास्तां
ये कहानी 2 शादीशुदा जोड़ों की है, जो खचाखच भरी ट्रेन में चढ़ते हैं। इसमें 2 नई नवेली दुल्हन आसपास बैठी हैं।
उनकी लाल साड़ी से लेकर ओढ़नी, घूंघट सब एक जैसा है, जिसके चलते दीपक (स्पर्श श्रीवास्तव) से बड़ी चूक हो जाती है। वह रात के अंधेरे में अपनी पत्नी फूल (नितांशी गोयल) की जगह पुष्पा/जया (प्रतिभा रांटा) को घर ले आता है।
इसके बाद शुरू होती है घूंघट की आड़ में बदली फूल को ढूंढने की दास्तां।