धर्मा प्रोडक्शन के लिए 'विषकन्या' बनेंगी प्रतिभा रांटा, राजकुमार राव हाेंगे जोड़ीदार
क्या है खबर?
करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन हॉरर और फैंटेसी जॉनर में लगातार अपनी पैठ जमा रही है। कार्तिक आर्यन के साथ 'नागजिला' के बीच, प्रोडक्शन की अगली फंतासी हॉरर को लेकर ताजा अपडेट आया है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में 'लापता लेडीज' से लोकप्रिय हुईं अभिनेत्री प्रतिभा रांटा मुख्य नजर आएंगी। उनके साथ राजकुमार राव मुख्य किरदार में होंगे। फिल्म के शीर्षक का खुलासा भी हो गया है और यह एक विशाल जादुई काल्पनिक दुनिया पर आधारित होगी।
परियोजना
हाई-कॉन्सेप्ट फिल्म के लिए चुनी गईं प्रतिभा
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, धर्मा प्रोडक्शन द्वारा निर्मित इस फिल्म का शीर्षक 'विषकन्या' होगा। इस हाई-कॉन्सेप्ट फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए प्रतिभा को चुना गया है।
कहानी को गुप्त रखा जा रहा है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि निर्माताओं का मकसद हाल के हिंदी सिनेमा में देखे गए किसी भी पौराणिक ब्रह्मांड से अलग एक रहस्यमय ब्रह्मांड को फिल्म के जरिए प्रस्तुत करना है।
यह फिल्म हॉरर की पारंपरिक शैलियों से हटकर एक अलौकिक फंतासी होगी।
शूटिंग
इसी साल से शूटिंग शुरू होने की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार, 'विषकन्या' नाम वाली फिल्म की शूटिंग इस साल के आखिर तक शुरू होने की उम्मीद है।
इसका निर्देशन सोनल जोशी करेंगी, जिन्होंने शिल्पा शेट्टी अभिनीत कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'सुखी' (2023) से निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा था।
धर्मा प्रोडक्शन के साथ प्रतिभा का यह दूसरा सहयोग होने जा रहा है। इससे पहले उन्होंने 'एक्यूज्ड' (2026) नाम की मनोवैज्ञानिक थ्रिलर में काम किया था, जिसमें कोंकणा सेन शर्मा भी नजर आई थीं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर आई थी।