Page Loader
प्रतीक बब्बर तलाक के बाद करेंगे दूसरी शादी, काैन हैं उनकी होने वाली दुल्हनिया प्रिया बनर्जी?
प्रतीक बब्बर कर रहे दूसरी शादी (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@/_prat/)

प्रतीक बब्बर तलाक के बाद करेंगे दूसरी शादी, काैन हैं उनकी होने वाली दुल्हनिया प्रिया बनर्जी?

Feb 01, 2025
04:22 pm

क्या है खबर?

अभिनेता प्रतीक बब्बर अपनी पेशेवर जिंदगी के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब चर्चा में रहे हैं। एक ओर जहां सान्या सागर के साथ उनकी शादी और तलाक ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं, वहीं पिछले कुछ समय से प्रिया बनर्जी के साथ उनका रिश्ता चर्चा का विषय बना हुआ है। अब खबर है कि दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। उन्होंने साल 2023 में वैलेंटाइन डे के मौके पर अपना यह रिश्ता सार्वजनिक किया था।

शादी

वैलेंटाइन डे पर शादी करेंगे प्रतीक और प्रिया

दिवंगत अभिनेत्री स्मिता पाटिल और राज बब्बर के बेटे प्रतीक तलाक के 2 साल बाद फिर से शादी करने जा रहे हैं। वह अपनी मंगेतर प्रिया बनर्जी के साथ इसी महीने वैलेंटाइन डे के मौके पर यानी 14 फरवरी को शादी के बंधन में बंधेंगे। यह प्रतीक की दूसरी शादी होगी। प्रतीक और प्रिया की 2 साल पहले नवंबर 2023 में सगाई हुई थी। उसी साल अभिनेता ने अपनी पहली पत्‍नी सान्‍या सागर को तलाक दिया था।

रिपोर्ट

प्रतीक के घर पर होगी शादी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह शादी प्रतीक के मुंबई के बांद्रा स्थित घर पर होगी। हालांकि, दोनों ने इस शादी की पुष्टि नहीं की है। कहा जा रहा है कि यह एक बेहद निजी समारोह होगा। प्रतीक और पूजा के परिवारवाले और करीबी दोस्त ही उनकी इस शादी में शामिल होंगे। प्रतीक पिछली बार फिल्म 'ख्‍वाबों का झमेला' में नजर आए थे, जबकि ईद के मौके पर वह सलमान खान के साथ फिल्‍म 'सिंकदर' में दिखेंगे।

परिचय

अभिनय जगत में सक्रिय हैं प्रिया

प्रिया साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री हैं। प्रतीक से उनकी पहली मुलाकात टीवी इंडस्ट्री के एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। प्रिया ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'किस' से की थी। इसके अलावा वह बॉलीवुड में भी कदम रख चुकी हैं। प्रिया अभिनेत्री ऐश्वर्या राय की फिल्म 'जज्बा' में भी दिखाई दी थीं। सोशल मीडिया पर वह काफी सक्रिय रहती हैं। पिछली बार वह हिंदी फिल्म 'हमें तुमसे प्यार कितना' में नजर आई थीं।

निजी जिंदगी

फिल्मों से कहीं ज्यादा अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहे प्रतीक

'धोबी घाट' जैसी कई फिल्मों में काम कर चुके प्रतीक साल 2011 में फिल्म 'एक दीवाना था' की शूटिंग के दौरान अभिनेत्री एमी जैक्सन को डेट कर रहे थे, लेकिन 1 साल बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया। प्रतीक की जिंदगी में इसके बाद फिल्‍म निर्माता सान्‍या सागर आईं। 2019 में प्रतीक ने सान्‍या से शादी की, लेकिन 1 साल बाद ही 2020 में दोनों अलग हो गए। बाद में जनवरी 2023 में दोनों ने आध‍िकारिक तौर पर तलाक लिया।