LOADING...
सलमान खान की 'मातृभूमि' पर संकट, या तो 'शर्माजी नमकीन' वाला फॉर्मूला या AI का सहारा
सलमान खान की 'मातृभूमि' की रिलीज पर फंसा पेंच

सलमान खान की 'मातृभूमि' पर संकट, या तो 'शर्माजी नमकीन' वाला फॉर्मूला या AI का सहारा

Mar 20, 2026
07:24 pm

क्या है खबर?

सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज तारीख फिर आगे बढ़ सकती है। फिल्म में मुख्य विलेन की भूमिका निभा रहे 'इंडियन आइडल 3' के विजेता और अभिनेता प्रशांत तमांग का जनवरी में आकस्मिक निधन हो गया था, जिसके कारण कई अहम दृश्यों की शूटिंग अधूरी रह गई है। अप्रैल में रिलीज होने वाली इस फिल्म के निर्माता अब मुश्किल में हैं कि इन दृश्यों को दोबारा शूट किया जाए या AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का सहारा लिया जाए।

कारण

क्यों हो रही रिलीज में देरी?

सलमान की फिल्म 'मातृभूमि' (जिसे पहले 'बैटल ऑफ गलवान' के नाम से जाना जा रहा था) की रिलीज तारीख आगे बढ़ गई है। फिल्म पहले अप्रैल की शुरुआत में रिलीज होने वाली थी, लेकिन स्क्रिप्ट में बदलाव और फिल्म के अहम कलाकार प्रशांत तमांग के असामयिक निधन के कारण निर्माताओं ने इसे टालने का फैसला किया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशांत तमांग की मौत फिल्म में देरी होने की एक मुख्य वजह बनी है।

संकट

अधूरी शूटिंग ने बढ़ाई मुश्किलें

सूत्रों के मुताबिक, प्रशांत के बेहद महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग अभी बाकी थी, लेकिन उनके आकस्मिक निधन ने पूरी टीम को संकट में डाल दिया है। निर्माताओं ने शुरुआत में उन दृश्यों को दोबारा शूट करने के बारे में सोचा, लेकिन ये मुमकिन नहीं लग रहा है। प्रशांत फिल्म के कई बड़े एक्शन सीक्वेंस का हिस्सा थे। उन्हें फिर से शूट करना न केवल आर्थिक रूप से भारी पड़ेगा, बल्कि प्रबंधन के लिहाज से भी ये एक बड़ी चुनौती है।

Advertisement

विकल्प

'मातृभूमि' की टीम के सामने दो रास्ते

सबसे बड़ी चुनौती सलमान की तारीखें उपलब्ध कराना और उनके पुराने लुक को बरकरार रखना है ताकि री-शूट में वो पहले जैसे दिख सकें। निर्माता फिल्म 'शर्माजी नमकीन' वाला तरीका अपनाने पर विचार कर रहे हैं, जहां ऋषि कपूर के निधन के बाद परेश रावल ने उनका किरदार पूरा किया था। दूसरा विकल्प AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और VFX का उपयोग करना है, जिससे बचे हुए दृश्यों में किसी और के शरीर पर प्रशांत का चेहरा लगाया जा सके।

Advertisement

योजना

इस दिन फिल्म रिलीज करने की तैयारी में सलमान

हालांकि, टीम ने अभी कोई तारीख फाइनल नहीं की है, लेकिन फिल्म की थीम को देखते हुए अब इसे 15 अगस्त पर रिलीज करने की तैयारी चल रही है। फिल्म के अधूरे दृश्य और पोस्ट-प्रोडक्शन को लेकर इस महीने के अंत तक बड़ा फैसला लिया जाएगा। टीम को जल्द से जल्द काम समेटकर एडिटिंग शुरू करनी है। निर्देशक अपूर्व लाखिया की इस फिल्म में सलमान के साथ पहली बार चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

Advertisement