'दृश्यम 3' में अक्षय खन्ना की जगह ले रहे प्रकाश राज? अभिनेता ने कही ये बात
क्या है खबर?
अजय देवगन की 'दृश्यम' फैंचाइजी को दर्शकों ने अपना बेशुमार प्यार दिया है। निर्माता इसकी तीसरी किस्त बनाने में जुटे हैं, जिसके जरिए विजय सलगांवकर बनकर अभिनेता फिर वापसी करेंगे। पिछले कुछ समय से यह फिल्म अपनी कास्टिंग को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। दरअसल, अक्षय खन्ना के फिल्म से बाहर होने की खबरों ने सोशल मीडिया पर खूब चर्चाएं बटोरी थीं। अब निर्माताओं ने दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज को अपनी टीम में शामिल किया है।
पुष्टि
प्रकाश ने खुद सोशल मीडिया पर पुष्टि की
सोशल मीडिया पर फैली खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रकाश ने लिखा, 'मैंने इस दिलचस्प फ्रेंचाइज दृश्यम 3 की हिंदी शूटिंग शुरू कर दी है। एक बेहतरीन टीम के साथ और एक शानदार भूमिका निभाने का मौका मिला है। मुझे यकीन है कि आपको फिल्म पसंद आएगी।' अभिनेता ने यहां स्पष्ट किया कि वह फिल्म में किसी की जगह नहीं ले रहे हैं। दरअसल, अटकलें थीं कि अक्षय के बाहर होने के बाद प्रकाश को उनकी जगह लाया गया है।
प्रतिक्रिया
प्रकाश के 'दृश्यम 3' में शामिल होने से खुश दिखे फैंस
'दृश्यम 3' को लेकर फैंस पहले से उत्साहित हैं और अब प्रकाश के शामिल होने की खबर ने उनकी उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। एक यूजर ने लिखा, 'सर, आपका तो नाम ही काफी है।' एक अन्य ने लिखा, 'मुझे यकीन है कि आपको देखना एक शानदार अनुभव होगा।' बता दें, फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। प्रकाश के अलावा, जयदीप अहलावत भी इस फिल्म में अहम किरदार में नजर आएंगे।