'स्पिरिट' से बाहर होने की खबरों पर प्रकाश राज ने तोड़ी चुप्पी, कही ये बात
क्या है खबर?
साउथ सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्पिरिट' शूटिंग शुरू होने के बाद से चर्चा में है। कुछ समय से सोशल मीडिया पर चर्चा थी कि क्रिएटिव मतभेदों के चलते प्रकाश राज ने इस फिल्म से दूरी बना ली है। जाहिर है कि पहले भी 'स्पिरिट' अपनी कास्टिंग को लेकर खूब विवादों में घिरी थी, जब दीपिका पादुकोण ने इससे किनारा किया था। हालांकि, दिग्गज अभिनेता प्रकाश ने खुद को लेकर लग रहीं अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
बयान
प्रकाश राज ने अटकलों का किया खंडन
हिंदुस्तान टाइम्स द्वारा जब संपर्क किया गया, तो प्रकाश ने सोशल मीडिया पर चल रहीं इन अटकलों का खंडन किया। उन्होंने कहा, "ये सब बेबुनियाद अटकलें हैं। मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है।" अभिनेता ने यह भी पुष्टि की कि वह 'स्पिरिट' का हिस्सा बने हुए हैं। दरअसल, अफवाह थी कि एक विशेष दृश्य और स्क्रिप्ट के कुछ हिस्सों के फिल्मांकन से असंतुष्टि व्यक्त करने के बाद अभिनेता ने कथित ताैर पर 'स्पिरिट' से दूरी बना ली है।
फिल्म
पहली बार दिखेगी प्रभास और तृप्ति डिमरी की जोड़ी
'एनिमल' जैसी ब्लॉकबस्टर देने के बाद, संदीप रेड्डी वांगा 'स्पिरिट' को एक भव्य स्तर पर बना रहे हैं। इसमें प्रभास के साथ पहली बार तृप्ति डिमरी मुख्य किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म का पहला पोस्टर जारी हो चुका है। विवेक ओबेरॉय भी इसमें एक महत्वपूर्ण किरदार के साथ शामिल हुए हैं। 'स्पिरिट' का निर्माण कार्य अभी शुरुआती चरण में हैं, लेकिन अभी से यह चर्चित आगामी फिल्मों में से एक बन चुकी है। फिल्म 5 मार्च, 2027 को रिलीज होगी।