प्रभास की फिल्म 'फौजी' की रिलीज में होगी देरी? इस कारण बीच में रुका काम
क्या है खबर?
प्रभास इस वक्त कई आगामी और बड़ी परियोजनाओं में व्यस्त चल रहे हैं। एक तरफ उन्होंने 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल की शूटिंग शुरू कर दी है। उनके पास पहले से संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' है। खबर आई कि कुछ दिन पहले अभिनेता ने एक अन्य फिल्म 'फौजी' पर भी काम शुरू कर दिया है। हालांकि, अब फिल्म की शूटिंग को कथित तौर पर रोकना पड़ा जिसके कारण रिलीज में देरी की चर्चा शुरू हो गई है।
कारण
इस कारण रोकनी पड़ी 'फौजी' की शूटिंग
टाइम्स नाउ के अनुसार, परियोजना से जुड़े एक क्रू मेंबर की हैदराबाद में सड़क हादसे के दाैरान मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि हादसा तब हुआ जब फिल्म यूनिट के सदस्य रामोजी फिल्म सिटी जा रहे थे। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक दल के 5 घायल सदस्यों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल निर्माताओं ने अभी तक इस संबंध में बयान जारी नहीं किया है।
रिलीज
तय समय पर रिलीज होगी 'फौजी'
अप्रत्याशित घटना के कारण शूटिंग भले रुक गई हो, लेकिन बताया जा रहा है कि फिल्म लगभग पूरी होने वाली है। 123 तेलुगु के मुताबिक, मैत्री मूवी मेकर्स के CEO चेरी ने बताया कि करीब 80 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है। सिर्फ प्रभास के 3 एक्शन सीक्वेंस बाकी हैं। इस रुकावट के बावजूद, फिल्म अक्टूबर, 2026 में रिलीज होने की राह पर है। बता दें, 'फौजी' में प्रभास के साथ, अभिनेत्री इमानवी, मिथुन चक्रवर्ती और जयाप्रदा भी शामिल हैं।