'कोरियन कनकारजू' के टीजर ने किया प्रभास को मंत्रमुग्ध, वरुण तेज के लुक के हुए कायल
प्रभास ने हाल ही में वरुण तेज की नई तेलुगु हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'कोरियन कनकारजू' का टीजर रिलीज किया है। टीजर देखने के बाद प्रभास, वरुण के लुक के कायल हो गए।
उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, 'वरुण इस फिल्म में बहुत शानदार दिख रहे हैं। 7 अगस्त को पूरी टीम को बड़ी सफलता मिले।'
फिल्म में कॉमेडी, अलौकिक ट्विस्ट और एक्शन का बेजोड़ संगम देखने को मिलेगा। इस फिल्म में वरुण एक अनोखे सुपरह्यूमन के किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म में कनकारजू को मिलती हैं ताकतें
टीजर में कनकारजू (वरुण) की कहानी दिखाई गई है। वह रायलसीमा का एक गुस्सैल युवक है, जिसकी जिंदगी तब बदल जाती है, जब उसे ड्रैगन की नक्काशी वाला एक वास मिलता है। इसी वास से उसे सुपरपावर्स मिल जाती हैं।
कहानी में एक इंटरनेशनल ट्विस्ट भी है, जहां रितिका नायक कोरियन बोलने वाली मुख्य भूमिका में हैं। मामला तब और रोमांचक हो जाता है, जब कनकारजू खुद को कोरियन माफिया का हिस्सा बताता है।
मेरलापाका गांधी ने इस फिल्म का निर्देशन किया है, जबकि थमन ने संगीत दिया है। हॉरर और कॉमेडी का यह अनोखा मेल 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगा।