Page Loader
अमेरीका की सबसे युवा सेल्फ मेड अरबपति बनीं पॉप सिंगर रिहाना
ग्रैमी विनर रिहाना के नाम एक और खिताब

अमेरीका की सबसे युवा सेल्फ मेड अरबपति बनीं पॉप सिंगर रिहाना

Jul 06, 2022
06:51 pm

क्या है खबर?

नौ बार ग्रैमी जीत चुकीं पॉप सिंगर रिहाना के नाम एक और पंख लग गया है। रिहाना अमेरीका की सबसे युवा सेल्फ मेड अरबपति बन गई हैं। फोर्ब्स की सबसे अमीर सेल्फ मेड महिलाओं की सूची में यह घोषणा की गई है। इस सूची में रिहाना का नाम 21वें नंबर है। वहीं 40 की उम्र के भीतर वह एकमात्र अरबपति महिला हैं। 34 साल की रिहाना की कुल संपत्ति 1.4 बिलियन डॉलर (करीब 11,101 करोड़ रुपये) है।

बिजनस

सफल बिजनसवूमन हैं रिहाना

आर्थिक ऊंचाइयों को छूने में रिहाना की गायकी के अलावा उनके बिजनस वेंचर्स का भी साथ है। रिहाना कई ब्रैंड्स की सह-मालकिन हैं। फेंटी ब्यूटी, फेंटी स्किन और सैवेज फेंटी X जैसे ब्रैंड्स में रिहाना के स्टेक्स हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी कॉस्मेटिक लाइन फेंटी ब्यूटी ने 2020 में करीब 4,360 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। वहीं उनकी लॉन्जरी लाइन सैवेज फेंटी ने 2021 में 7,930 करोड़ रुपये कमाए थे।

जानकारी

रिहाना को मिले 10 पॉइंट्स

रिहाना का नाम इस सूची में तीन साल से बना हुआ है। फोर्ब्स ने रैंकिग स्कोर में रिहाना को 10 पॉइंट्स दिए हैं। 1-10 तक की रैंकिंग वाले ये पॉइंट्स बताते हैं कि व्यक्ति के निर्माण में खुद अकेले का कितना काम है।

निरंतरता

थमने वाली नहीं हैं रिहाना

रिहाना की यह सफलता अभी रुकने का नाम नहीं लेगी। इससे पहले एक इंटरव्यू में रिहाना ने बताया था कि वह पैसों के लिए काम नहीं करती हैं, इसलिए आंकड़ों की वजह से वह काम करना नहीं छोड़ेंगी। 2019 में रिहाना ने कहा था, "मैंने कभी यह नहीं सोचा है कि मुझे इतने पैसे बनाने हैं इसलिए नंबरों को देखकर मेरा काम नहीं रुकेगा।" रिहाना की कमाई का बड़ा हिस्सा चैरिटी में भी जाता है।

चैरिटी

चैरिटी में जाता है कमाई का कुछ हिस्सा

रिहाना क्लारा लॉयनेल फाउंडेशन (CLF) नाम की चैरिटी संस्था भी चलाती हैं। यह संस्था जलवायु परिवर्तन से प्रभावित वंचित समुदायों के लिए काम करती है। रिहाना ने एक इंटरव्यू में कहा था, "मेरे पैसे मेरे लिए नहीं है। मेरा हमेशा यह विचार रहा है कि मैं किसी और की मदद कर सकती हूं। यह दुनिया आपको विश्वास दिला सकती है कि आप गलत चीजों को तवज्जो दे रहे हैं और जिंदगी का असली मतलब भूल गए हैं।"

जानकारी

रिहाना के बाद किम कार्दशियन का नाम

इस सूची में रिहाना के बाद किम कार्दशियन का नाम शामिल है। उनकी कुल संपत्ति करीब 14,270 करोड़ रुपये है। सूची में सबसे अमीर अमेरिकी महिला 75 साल की बिजनसवूमन डायने हेंड्रिक हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

पर्सनल लाइफ की बात करें तो रिहाना बीती मई एक बेटे की मां बनी हैं। 13 मई को रिहाना और उनके बॉयफ्रेंड रॉकी माता-पिता बने थे।