LOADING...
पीयूष मिश्रा का दर्दनाक खुलासा, बोले- शराब के नशे में महिलाओं को अश्लील कॉल करता था
पीयूष मिश्रा ने सुनाई शराब की लत की दर्दनाक कहानी

पीयूष मिश्रा का दर्दनाक खुलासा, बोले- शराब के नशे में महिलाओं को अश्लील कॉल करता था

Apr 04, 2026
12:45 pm

क्या है खबर?

अभिनेता और लेखक पीयूष मिश्रा ने अपने जीवन के सबसे अंधेरे दौर को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने शराब की अपनी लत के दिनों को याद करते हुए बताया कि नशे में वे किस कदर आपा खो देते थे। पीयूष ने स्वीकार किया कि उस दौरान वे महिलाओं को अश्लील फोन कॉल तक कर दिया करते थे, जिन्हें वो अगली सुबह भूल भी जाते थे। अपने इस पछतावे भरे अतीत पर उन्होंने पहली बार खुलकर बात की।

लत

"चाहें या न चाहें, शरीर शराब मांगने लगता है"

शुभांकर मिश्रा संग पॉडकास्ट में पीयूष ने शराब की लत की भयावहता पर बात करते हुए कहा, "एक वक्त ऐसा आता है, जब आपको लगने लगता है कि शराब पीना जरूरी है। इसका असर ऐसा होता है कि इंसान और ज्यादा पीना चाहता है। शराब की लत एक जानलेवा बीमारी है... एक ऐसा समय आता है, जब आप चाहें या न चाहें, आपको शराब की जरूरत होती है, आपका शरीर इसकी मांग करता है। मैंने खुद इसे महसूस किया है।"

आपबीती

सेट पर अनुशासन, निजी जीवन में बर्बादी

पीयूष ने ये भी साझा किया कि वो सेट पर कभी शराब का सेवन नहीं करते थे, भले ही उस दौर में उनका मानसिक स्वास्थ्य और सोचने का तरीका पूरी तरह से नशे के प्रभाव में था। हालांकि, उनके इस व्यक्तिगत संघर्ष का असर उनके निजी जीवन और रिश्तों पर गहरा पड़ा। नशे की हालत में नियंत्रण खोने के कारण उन्हें अक्सर शर्मिंदगी और पछतावे का सामना करना पड़ता था, जिसने उनके भावनात्मक संबंधों को भी बुरी तरह प्रभावित किया।

Advertisement

नियंत्रण

नशे में खुद पर नहीं था कोई काबू- पीयूष

पीयूष कहते हैं, "नशे के दौरान मैं वो सब कर बैठता था, जो मेरी असलियत नहीं थी। मैंने अपनी मां को नशे की हालत में बहुत दुख पहुंचाया, जबकि अंदर से मैं उन्हें माफ कर चुका था। मैं महिलाओं को अश्लील फोन करता था और अगली सुबह मुझे याद भी नहीं रहता था कि मैंने क्या किया है। उस वक्त मैं खुद पर नियंत्रण खो चुका था और वो सब कर रहा था, जो मैं कभी करना नहीं चाहता था।"

Advertisement

बदनामी

...जब 'बदनाम' हो गए थे पीयूष मिश्रा

पीयूष ने बताया कि कैसे उनके व्यवहार के कारण सहकर्मी उन्हें एक 'कठिन व्यक्ति' के रूप में देखने लगे थे और किस तरह उनकी छवि धूमिल हुई। उन्हें ये साबित करने के लिए बार-बार सफाई देनी पड़ती थी कि वो अब बदल चुके हैं। उनके जीवन में बड़ा बदलाव 2009 में आए ब्रेन स्ट्रोक के बाद आया। इस झटके ने उन्हें अपनी स्थिति सुधारने पर मजबूर किया, जिसके बाद उन्होंने विपश्यना जैसी आध्यात्मिक पद्धतियों का सहारा लिया।

शरा

पूरी तरह नहीं छोड़ी शराब, लेकिन अब है पूरा नियंत्रण

हालांकि, पीयूष ये स्वीकार करते हैं कि उन्होंने पूरी तरह से शराब पीना नहीं छोड़ा है, लेकिन उन्होंने अपने ऊपर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया है। उनका मानना है कि अब वे अपनी लत के जाल से बाहर निकलकर एक संयमित जीवन जीने में सक्षम हैं। काम के मोर्चे पर बात करें तो पीयूष पिछली बार पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा अभिनीत 'राहु केतु' में नजर आए थे। ये कॉमेडी फिल्म जनवरी में ZEE स्टूडियोज पर आई थी।

Advertisement