पेनेलोप क्रूज ने टोरंटो में चुनी भारत की 'जोया', ग्लोबल मंच पर चमका देसी डिजाइन
इस साल के टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पेनेलोप क्रूज जोया ब्रांड की बेहतरीन ज्वेलरी पहनकर रेड कार्पेट पर उतरीं और उन्होंने अपने स्टाइल से लोगों को आकर्षित किया।
जोया टाटा ग्रुप का एक खास भारतीय लग्जरी ब्रांड है। पेनेलोप अपनी फिल्म 'ला बोला नेग्रा' के प्रीमियर के लिए यहां आई थीं और इस खास मौके के लिए उन्होंने जोया के नए कलेक्शन से कुछ शानदार गहने चुने।
यह नया कलेक्शन भारतीय मसालों से प्रेरित है। इसमें 19 कैरेट का हेलियोडोर और नीलम का बना एक खूबसूरत हार, फूल के डिजाइन वाली एमेथिस्ट अंगूठी और हीरे व टैनजानाइट का बना एक आकर्षक बैंगल शामिल था।
क्रूज ने भारतीय डिजाइन को मिली पहचान
जोया की बिजनेस हेड अमनप्रीत आहलूवालिया ने पेनेलोप क्रूज के रेड कार्पेट पर इस खास पल को बेहद अहम बताया।
उन्होंने कहा, "वैश्विक मंच पर पेनेलोप क्रूज़ को जोया की ज्वेलरी पहनते देखना हमारे रचनात्मक विश्वास पर मुहर लगने जैसा है।
यह एक ऐसा क्षण है, जब हमारी पहचान दुनिया के सामने आती है, सिर्फ दिखकर नहीं, बल्कि बातचीत में कुछ अनूठा योगदान देकर।"
अमनप्रीत आहलूवालिया ने आगे बताया कि यह पल दिखाता है कि भारतीय डिजाइन कैसे अपनी रचनात्मकता के दम पर दुनिया भर के दर्शकों के साथ एक गहरा जुड़ाव बना सकता है।