ममूटी-मोहनलाल की फिल्म 'पैट्रियट' विदेशी धरती पर मचाएगी धमाल, होगा इंडियन फिल्म फेस्टिवल का भव्य आगाज
क्या है खबर?
मलयालम सिनेमा के 2 दिग्गज, ममूटी और मोहनलाल लगभग 18 साल बाद एक साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं और उनकी ये वापसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धमाका करने को तैयार है। उनकी आगामी जासूसी थ्रिलर फिल्म 'पैट्रियट' को 24वें लॉस एंजिल्स इंडियन फिल्म फेस्टिवल (IFFLA) की 'ओपनिंग फिल्म' के रूप में चुना गया है। महेश नारायणन द्वारा निर्देशित ये फिल्म 23 अप्रैल 2026 को इस प्रतिष्ठित समारोह की शुरुआत करेगी, जो भारतीय सिनेमा के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है।
शुरुआत
लॉस एंजिल्स फिल्म फेस्टिवल का आगाज 'पैट्रियट' से
लॉस एंजिल्स में होने वाले 24वें 'इंडियन फिल्म फेस्टिवल' (IFFLA) का आगाज इस बार मलयालम फिल्म 'पैट्रियट' के साथ होगा। ये महोत्सव 23 से 26 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि 23 अप्रैल को ही फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज भी हो रही है। 'पैट्रियट' को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि इसमें मोहनलाल और ममूटी की जोड़ी 18 साल बाद फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी।
फिल्में
IFFLA में 27 फिल्मों की झलक
लॉस एंजिल्स के इस 24वें फिल्म फेस्टिवल में दुनियाभर की कुल 27 चुनिंदा फिल्में (डॉक्यूमेंट्री और शॉर्ट फिल्म्स समेत) दिखाई जाएंगी। जहां ममूटी और मोहनलाल की 'पैट्रियट' ओपनिंग फिल्म होगी, वहीं महोत्सव का समापन अनुषा रिजवी के निर्देशन में बनी फिल्म 'द ग्रेट शमसुद्दीन फैमिली' के साथ होगा। 'पैट्रियट' एक हाई-ऑक्टेन जासूसी थ्रिलर है, जिसकी कहानी एक अत्याधुनिक सर्विलांस सिस्टम (निगरानी प्रणाली) को लागू करने और एक गुप्त मिशन को विफल करने के साहसी प्रयासों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
स्टारकास्ट
फिल्म में काम कर रहे ये कलाकार
फिल्म 'पैट्रियट' में ममूटी इसमें 'डेनियल जेम्स' नाम के एक पूर्व सैन्य कानूनी अधिकारी की भूमिका में हैं, जिन पर जासूसी का झूठा आरोप लगाया गया है, वहीं मोहनलाल 'कर्नल रहीम' के एक प्रभावशाली किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण फहाद फासिल हैं, जो फिल्म में विलेन (खलनायक) के रूप में इन दोनों दिग्गजों को टक्कर देते नजर आएंगे। इनके अलावा नयनतारा, कुंचाको बोबन, दर्शना राजेंद्रन और रेवती जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
वापसी
18 साल बाद साथ लौटे ममूटी-मोहनलाल
ममूटी और मोहनलाल को आखिरी बार साल 2008 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'ट्वेंटी:20' में एक साथ देखा गया था। अब 18 साल के लंबे इंतजार के बाद ये दिग्गज जोड़ी 'पैट्रियट' के जरिए पर्दे पर वापसी कर रही है और प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं है। फिल्म के पोस्टर और टीजर पहले ही उत्साह बढ़ा चुके हैं और अब लॉस एंजिल्स के 'इंडियन फिल्म फेस्टिवल' में इसकी धमाकेदार एंट्री ने आग में घी का काम किया है।