मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक पहुंचा 'पति पत्नी और पंगा 2' के सेट पर हादसे का मामला
क्या है खबर?
मुंबई की फिल्म सिटी में 'पति पत्नी और पंगा सीजन 2' के सेट पर लगी भीषण आग ने टीवी सेट्स की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। संगठन ने शो के निर्माताओं और ब्रॉडकास्टिंग चैनल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील भी की है।
अग्निकांड
'पति पत्नी और पंगा 2' के सेट पर लगी आग
मुंबई की गोरेगांव चित्रनगरी में 5 अक्टूबर को कलर्स के रिएलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा 2' के सेट पर भीषण आग लग गई।AICWA के पत्र के मुताबिक, आग की लपटें पास ही स्थित MTV के शो 'हसल' के सेट तक फैल गईं, जिससे वहां मौजूद कलाकारों और कर्मचारियों की जान खतरे में पड़ गई।
मामले में AICWA ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय सेट पर फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम नहीं थे।
संकट
'KBC' समेत कई टीवी शोज की शूटिंग ठप
संगठन का कहना है कि हादसे के समय सेट पर बड़ी संख्या में कलाकार और कर्मचारी मौजूद थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस आग के कारण फिल्म सिटी में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया, जिससे 'पति पत्नी और पंगा 2' के अलावा 'कौन बनेगा करोड़पति' जैसे अन्य टीवी शो की शूटिंग भी रोकनी पड़ी। दिहाड़ी मजदूरों के लिए शूटिंग रद्द होने का सीधा मतलब कमाई का बंद होना और तात्कालिक आर्थिक नुकसान है।
मांग
लापरवाह निर्माताओं पर दर्ज हो FIR
AICWA का कहना है कि तकनीशियन और जूनियर कलाकार दैनिक पारिश्रमिक पर निर्भर हैं, इसलिए शूटिंग रुकने से सीधे उनकी रोज़ी-रोटी पर असर पड़ा है, वहीं निर्माताओं को भी भारी वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
मामले में AICWA ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आग के कारणों की समयबद्ध जांच और लापरवाही के लिए चैनल, निर्माता तथा प्रोडक्शन हाउस के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।