पंकज त्रिपाठी की बतौर निर्माता नई पारी, इस दिन रिलीज होगी वेब सीरीज 'परफेक्ट फैमिली'
अभिनेता पंकज त्रिपाठी अब पहली बार निर्माता बनने जा रहे हैं। उनकी नई वेब सीरीज 'परफेक्ट फैमिली' 26 जून को सोनी लिव पर रिलीज होने वाली है।
ये आठ एपिसोड की एक कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जो 'करकारिया परिवार' की कहानी पर आधारित है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब परिवार के एक बच्चे की भावनात्मक दिक्कतों की वजह से पूरे परिवार को थेरेपी लेनी पड़ती है। थेरेपी के इसी दौर में हंसते-हंसाते इस परिवार के कई पुराने राज और उनकी असली भावनाएं धीरे-धीरे सबके सामने आने लगती हैं।
थेरेपी की दुनिया को दिखाती है 'परफेक्ट फैमिली'
इस सीरीज को पलक भाम्ब्री ने लिखा है और सचिन पाठक ने इसका निर्देशन किया है। 'परफेक्ट फैमिली' बताती है कि थेरेपी कैसे परिवार की जिंदगी में उथल-पुथल मचा देती है, जहां हंसी-मजाक के पल भी हैं और ईमानदारी भरे गंभीर लम्हे भी। सीरीज में नेहा धूपिया, मनोज पाहवा, सीमा पाहवा, गिरिजा ओक गोडबोले, गुलशन देवैया और कावेरी सेठ जैसे जाने-माने कलाकार शामिल हैं। इन सभी कलाकारों ने ऐसे किरदार निभाए हैं, जिन्हें आप अपने परिवार की कहानियों में भी पहचान सकते हैं।