LOADING...
'पंचायत 4' का टीजर: फुलेरा में सज गया चुनावी मैदान, फैंस बोले- अब होगा असली घमासान

'पंचायत 4' का टीजर: फुलेरा में सज गया चुनावी मैदान, फैंस बोले- अब होगा असली घमासान

May 03, 2025
06:46 pm

क्या है खबर?

अमेजन प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के चौथे सीजन का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है और जब से इसका ऐलान हुआ है, इसकी रिलीज को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। अब इस बहुप्रतीक्षित सीजन का टीजर जारी हो गया है, जो आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। टीजर ने एक बार फिर सीरीज को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता जगा दी है। आइए जानें नए सीजन में क्या होगा खास।

टीजर

क्या है टीजर में?

'पंचायत 4' के टीजर में दिखाया गया है कि इस बार फुलेरा गांव में बड़ा घमासान होने वाला है, क्योंकि प्रधान जी और भूषण चुनाव में उतरते हैं। दोनों आपस में लड़ बैठते हैं। चुनाव जीतने के लिए प्रधान जी और उनके साथी साम दाम दंड भेद का इस्तेमाल करने वाले हैं। दोनों पार्टियां अपने-अपने लिए प्रचार करने में जुट जाती हैं, लेकिन इस बीच बहुत कुछ ऐसा होगा, जिसका पता तब चलेगा, तब यह सीजन रिलीज होगा।

प्रतिक्रिया

टीजर पर फिदा हुए दर्शक

टीजर देख दर्शकों की खुशी का ठिकाना नहीं है। एक यूजर ने लिखा, 'बड़ी बेसब्री से इंतजार था। ये अभी तक की सबसे बेस्ट वेब सीरीज है।' एक ने लिखा है, 'भैया अब होगा फुलेरा में असली धमाल।' एक और कमेंट है, 'ई ससुर...जबरदस्त डायलॉग, कबसे इंतजार था।' एक ने लिखा है, 'विधायक जी का डांस तो कतई जहर है।' एक लिखते हैं, 'असली घमासान तो OTT पर अब होगा।' एक कमेंट है, 'डिप्रेशन की बहुत बढ़िया खुराक है पंचायत।'

उपलब्धि

'पंचायत' के नाम हाल ही में जुड़ी ये उपलब्धि

'पंचायत' वेव्स 2025 में शामिल होने वाली पहली सीरीज बनी है। इसके निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा कहते हैं, "अब हम उसी सरलता और हकीकत के साथ सीजन 4 की ओर बढ़ रहे हैं। WAVES जैसे बड़े मंच पर सीजन की एक झलक दिखाना बहुत अच्छा अनुभव रहा। हमारे दर्शकों का प्यार ही है, जिसने पंचायत को इतना ऊपर पहुंचाया और साबित किया कि यह कहानी सिर्फ एक गांव की नहीं, बल्कि दुनियाभर के लोगों के दिलों से जुड़ी हुई है।"

रिलीज

कब रिलीज होगा चौथा सीजन?

'पंचायत 4' के टीजर के साथ ही इसकी रिलीज तारीख का ऐलान भी कर दिया गया है। ये शो 2 जुलाई को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। 'द वायरल फीवर' द्वारा प्रोड्यूस की गई 'पंचायत' के चौथे सीजन में वही पुराने कलाकार वापसी कर रहे हैं, जिसमें जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सान्विका, दुर्गेश कुमार, सुनीता रजवार और पंकज झा शामिल हैं। 'पंचायत' के पिछले तीनों सीजन पर दर्शकों ने जमकर प्यार लुटाया है।