Page Loader
पाकिस्तानी गायक ने करण पर लगाया गाना चोरी का आरोप, मुश्किल में फंसी 'जुग जुग जियो'
पाकिस्तानी गायक ने करण पर लगाया गाना चोरी का आरोप

पाकिस्तानी गायक ने करण पर लगाया गाना चोरी का आरोप, मुश्किल में फंसी 'जुग जुग जियो'

May 23, 2022
02:13 pm

क्या है खबर?

वरुण धवन और कियारा आडवाणी की फिल्म 'जुग जुग जियो' का ट्रेलर रविवार को दर्शकों के बीच आया। यह एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म लगती है। ट्रेलर में इसके म्यूजिक को काफी सराहा गया है। राज मेहता के निर्देशन की यह फिल्म 24 जून को सिनेमाघरों में आएगी। इस फिल्म का निर्माण करण जौहर ने धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है। अब एक पाकिस्तानी गायक अबरार उल हक ने करण पर गाना चोरी करने का आरोप लगाया है।

चेतावनी

अबरार ने करण के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही

'जुग जुग जियो' के ट्रेलर में सॉन्ग 'नच पंजाबन' ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस गाने को लेकर गायक और लेखक अबरार ने करण पर निशाना साधा है। उन्होंने फिल्ममेकर पर गाना कॉपी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी सहमति लिए बिना उनका गाना इस्तेमाल किया गया है। अबरार ने करण के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल इस मामले में करण की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

बयान

मैंने 'नच पंजाबन' किसी भारतीय फिल्म को नहीं बेचा है- अबरार

अबरार ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'सॉन्ग 'नच पंजाबन' का लाइसेंस किसी को नहीं दिया गया है। अगर कोई दावा कर रहा है, तो एग्रीमेंट पेश करे। मैं कानूनी कार्रवाई करूंगा।' उन्होंने अपने एक अन्य ट्वीट में लिखा, 'मैंने अपना गाना 'नच पंजाबन' किसी भी भारतीय फिल्म को नहीं बेचा है और हर्जाने का दावा करने के लिए अदालत जाने का अधिकार सुरक्षित रखता हूं। करण जैसे निर्माता को कॉपी किए हुए गानों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए अबरार का ट्विटर पोस्ट

आपबीती

यह मेरा छठा गाना है, जिसे कॉपी किया जा रहा- अबरार

अबरार ने अपने पोस्ट में बताया कि यह उनका छठा गाना है, जिसे कॉपी किया जा रहा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। बता दें कि अबरार का गाना 'नच पंजाबन' 2002 में रिलीज हुआ था। इसे उनके हिट गानों में शुमार किया जाता है। अबरार ने अपने पोस्ट में करण और धर्मा मूवीज को भी टैग किया है। अब देखना है कि करण इस मामले में क्या सफाई देते हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

अबरार का पहला एल्बम 'बिलो दे घर' 1995 में आया था। दुनियाभर में इसकी चार करोड़ से अधिक प्रतियां बिकीं, जिसके कारण उन्हें 'किंग ऑफ पाकिस्तानी पॉप' की उपाधि दी गई। अब अबरार पाकिस्तानी राजनीति में सक्रिय रूप से शामिल हैं।

फिल्म

'जुग जुग जियो' के बारे में जानिए

'जुग जुग जियो' में अनिल कपूर और नीतू कपूर वरुण-कियारा के माता-पिता की भूमिका निभाएंगे। फिल्म में वरुण सूद भी कैमियो की भूमिका में दिखेंगे। मशहूर यूट्यूबर प्राजकता कोहली भी नजर आने वाली हैं। यह उनकी पहली फिल्म होगी। मनीष पॉल भी फिल्म का हिस्सा हैं। 16 नवंबर, 2020 को इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई थी। फिल्म से नीतू लंबे समय बाद पर्दे पर वापसी कर रही हैं। आखिरी बार उन्हें 2013 में फिल्म 'बेशरम' में देखा गया था।