ऑस्कर के 97 साल के इतिहास में इन भारतीयों को मिला सम्मान, दुनियाभर में कमाया नाम
क्या है खबर?
ऑस्कर 2025 का धमाकेदार आगाज हुआ। 'अनोरा' पुरस्कार समारोह में सबसे ज्यादा चर्चा में रही, वहीं भारतीय फिल्म 'अनुजा' को भी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामित किया गया था।
भले ही इस साल भारत के हाथ कोई पुरस्कार नहीं लगा, लेकिन इससे पहले विदेशी धरा पर कई भारतीय और भारतीय फिल्में देश का मान बढ़ा चुकी हैं।
आइए फिल्मी दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह के मंच पर भारत का नाम रोशन करने वाले भारतीयों के बारे में जानें।
#1
भानु अथैया
ऑस्कर जीतने की सूची में पहला नाम भानु अथैया का है। वह ऑस्कर जीतने वाली पहली भारतीय थीं।
इन्होंने 1983 में जॉन मोलो के साथ 'गांधी' फिल्म के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन किया था। भानु के कपड़े इतने बेहतरीन थे कि उन्हें बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइन की श्रेणी में ऑस्कर पुरस्कार से नवाजा गया था।
महात्मा गांधी की इस बायोपिक फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार सहित 5 ऑस्कर जीते थे।
#2
सत्यजीत रे
दूसरी बार भारत में ऑस्कर महान निर्देशक सत्यजीत रे को मिला। उन्हें ऑनरेरी लाइफटाइम अचीवमेंट का ऑस्कर पुरस्कार दिया गया था, जो उन्हें सिनेमा जगत में उनके अमूल्य योगदान के लिए मिला था।
हालांकि, यह पुरस्कार लेने के लिए सत्यजीत खुद ऑस्कर समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे। उनका यह पुरस्कार उनके पास कोलकाता भिजवाया गया था।
36 राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके सत्यजीत को अपने अमिट योगदान के लिए भारत सरकार ने भारत रत्न से सम्मानित किया था।
#3
रेसुल पुकूट्टी
भारत को तीसरी बार ऑस्कर दिलाया था साल 2009 में रेसुल पुकुट्टी ने, जो फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' में साउंड डिजाइन के लिए ऑस्कर जीतकर लाए थे।
पुकुट्टी उस वक्त 37 साल के थे। पुकुट्टी देश में एक अनजाना नाम था, लेकिन ऑस्कर के बाद हर कोई उन्हें जानने लगा।
'स्लमडॉग मिलियनेयर' 10 श्रेणियों में नामांकन मिला था, जिसमें से इसने 8 में ऑस्कर पुरस्कार जीते थे।
अनिल कपूर, इरफान खान और देव पटेल भी इस फिल्म का हिस्सा थे।
#4 और #5
एआर रहमान और गुलजार
फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए एआर रहमान ने भी ऑस्कर पुरस्कार जीता था। फिल्म के गाने 'जय हो' के लिए उन्होंने 2 पुरस्कार अपने नाम किए थे। रहमान ने बेस्ट ओरिजिनल स्कोर और बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग की श्रेणी में जीत हासिल की थी।
दूसरी ओर देश के दिग्गज लेखक, गीतकार, स्क्रीन राइटर और फिल्म निर्देशक गुलजार ने 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के 'जय हो' गाने की लिरिक्स के लिए बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग की श्रेणी में ऑस्कर पुरस्कार अपने नाम किया था।
#6 और #7
कार्तिकी गोंसाल्वेस-गुनीत माेंगा और एमएम कीरावनी-चंद्रबोस
साल 2023 में बेस्ट शॉर्ट डॉक्युमेंट्री फिल्म की श्रेणी में 'द एलिफेंट व्हिस्पर्स' के लिए इसकी निर्देशक कार्तिकी गोंसाल्वेस और निर्माता गुनीत मोंगा ने ऑस्कर जीता था। यह फिल्म तमिलनाडु के एक बुजुर्ग दंपत्ति बमन और बेली की कहानी है, जो दक्षिण भारत के मडुमलई नैशनल पार्क में अनाथ हाथियों की सेवा करता है।
उधर उसी साल फिल्म 'RRR' के गाने 'नाटू नाटू' के लिए बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग की श्रेणी में एमएम कीरावनी और चंद्रबोस ने ऑस्कर जीता था।