दिग्गज अभिनेता जीन हैकमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, साथ में पत्नी भी मिलीं मृत
क्या है खबर?
हॉलीवुड से जुड़ी एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, जाने-माने अभिनेता जीन हैकमैन अब इस दुनिया में नहीं रहे। अचानक हुई उनकी मौत ने उनके प्रशंसकों को हिलाकर रख दिया है।
जीन ही नहीं, बल्कि उनकी पत्नी भी उनके घर में मृत पाई गई हैं। संदिग्ध परिस्थतियों में हुई उनकी मौत ने सोशल मीडिया पर लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
आइए जानें उनकी मौत की पुष्टि किसने की।
रिपोर्ट
सामने नहीं आया मौत का कारण
2 बार ऑस्कर पुरस्कार जीत चुके अभिनेता जीन और उनकी पत्नी बेट्सी, न्यू मैक्सिको स्थित अपने घर में मृत मिले हैं।
उनका पालतू कुत्ता भी उनके साथ घर में मृत मिला है। जीन 95 तो उनकी पत्नी 63 साल की थीं।
मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
'द फ्रेंच कनेक्शन', 'बोनी एंड क्लाइड' और 'द रॉयल टेनेनबॉम्स' से मशहूर हुए जीन की मौत से उनके प्रशंसकों को बड़ा धक्का लगा है।
जांच
जांच में जुटी पुलिस
PTI के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि जीन और उनकी पत्नी बुधवार को न्यू मैक्सिको स्थित अपने घर में मृत पाए गए। हालांकि, अधिकारियों ने उनकी मौत की परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है।
सांता फे काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता डेनिस एविला ने कहा कि बुधवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:45 बजे घर की जांच करने के अनुरोध पर पुलिस वहां पहुंची से अभिनेता, वहां से उनकी पत्नी और कुत्ते का शव बरामद किया।
उपलब्धि
इन 2 फिल्मों के लिए जीता पुरस्कार
जीन हॉलीवुड जगत के चर्चित सितारों में शुमार थे। साल 1971 में आई विलियम फ्रेडकिन की थ्रिलर फिल्म 'द फ्रेंच कनेक्शन' में जिमी 'पोपेय' डॉयल की भूमिका के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर पुरस्कार मिला था।
साल 1992 में क्लिंट ईस्टवुड की फिल्म 'अनफॉरगिवेन' में लिटिल बिल डैगेट की भूमिका में भी जीन ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। इसके लिए भी उन्होंने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का ऑस्कर पुरस्कार अपने नाम किया।
निजी जिंदगी
जीन की दूसरी पत्नी थीं बेट्सी
जीन ने 'सुपरमैन', 'सुपरमैन 2', 'द कॉन्वर्सेशन', 'अंडर फायर', 'पावर', 'द फर्म', 'बिहाइंड एनिमी लाइन्स' और 'द क्विक एंड द डेड' जैसी फिल्मों से भी खूब लोकप्रियता हासिल की।
अभिनेता की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 2 बार शादी की थी। उनके 3 बच्चे थे।
जीन की पहली शादी साल 1956 में फेय माल्टीज से हुई थी। हालांकि, 30 साल बाद उनकी राहें जुदा हो गईं और फिर जीन ने साल 1991 में बेट्सी अराकावा से शादी की।