'टर्मिट' में साथ नजर आएंगे शौनक सेन, TIFF में दिखेगी पुरानी दिल्ली की अनसुनी कहानी
ऑस्कर नॉमिनेटेड फिल्म 'ऑल दैट ब्रीद्स' से पहचान बनाने वाले निर्देशक शौनक सेन अब अपनी पहली शॉर्ट फिल्म 'टर्मिट' के साथ लौट रहे हैं।
इसका प्रीमियर 10 सितंबर को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में होगा।
31 मिनट की यह हिंदी-उर्दू फिल्म पुरानी दिल्ली में काम करने वाले 2 टर्मिट कंट्रोलर्स की कहानी है। उनका रोजमर्रा का जीवन तब बदल जाता है, जब उनमें से एक को शादी का एक अप्रत्याशित प्रस्ताव मिलता है।
यह फिल्म शहरी अकेलेपन और बदलते रिश्तों जैसे विषयों की गहराई से पड़ताल करती है।
शौनक का दिल्ली की जिंदगी को समझने का उनका सिलसिला जारी
'टर्मिट' के जरिए शौनक दिल्ली की जिंदगी को और गहराई से खंगालते हैं, जो उनकी पिछली फिल्मों में भी साफ नजर आया था।
जयंत कायकिणी की एक छोटी कहानी से प्रेरणा लेकर बनी और सिर्फ 5 दिनों में शूट हुई यह फिल्म, मजदूरों की जिंदगी और इस शहर की कई परतों वाली पहचान को सामने लाती है।
जैसा कि शौनक कहते हैं, 'यह शॉर्ट फिल्म एक तरह से बदलाव की दहलीज पर खड़े होने का अनुभव कराती है।'