Page Loader
गीता के श्लोक का गलत मतलब समझे थे ओपेनहाइमर? आत्मकथा लेखक ने दिया जवाब
गीता पर बोले काई बर्ड

गीता के श्लोक का गलत मतलब समझे थे ओपेनहाइमर? आत्मकथा लेखक ने दिया जवाब

Jul 25, 2023
06:15 pm

क्या है खबर?

इन दिनों हर तरफ क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'ओपेनहाइमर' की चर्चा हो रही है। यह फिल्म वैज्ञानिक जे रॉबर्ट ओपेनहाइमर पर आधारित है। जितनी चर्चा फिल्म की हो रही है, उतना ही लोग वैज्ञानिक के बारे में जानने के लिए भी उत्सुक हैं। भारत में खासकर, भगवद गीता में उनकी रुचि के कारण ओपेनहाइमर सुर्खियों में हैं। हालांकि, जानकारों का मानना है कि ओपेनहाइमर गीता के गलत मायने समझे थे। उनके आत्मकथा लेखक ने अब इस पर जवाब दिया है।

गीता 

परमाणु बम परीक्षण के बाद कही थी गीता की यह बात

ओपेनहाइमर के बारे में कहा जाता है कि जब परमाणु बम का सफलतापूर्वक परीक्षण हुआ तो उन्होंने गीता की लाइन कही थी, "मैं मृत्यु हूं, संसार को नष्ट करने वाला।" कुछ दिन पहले लेखक देवदत्त पटनायक ने एक इंटरव्यू में कहा, "बताया जा रहा है कि यह श्लोक 11.32 है। वहां 'काल-अस्मि' का जिक्र है, यानी कि मैं समय हूं, दुनिया को नष्ट करने वाला। ऐसे में ओपेनहाइमर का अनुवाद ही गलत था।"

बयान

वह टाइम और स्पेस की बात कर रहे थे- लेखक

ओपेनहाइमर की आत्मकथा के सह-लेखक काई बर्ड ने अनुवाद के विवाद पर बयान दिया है। एक न्यूजपोर्टल से बातचीत में बर्ड ने कहा, "जैसा कि कुछ संस्कृत के जानकार बताते हैं, मेरा मानना है कि सही अनुवाद, 'मैं समय हूं, संसार को नष्ट करने वाला' है। वह एक क्वॉन्टम फिजिसिस्ट थे और टाइम और स्पेस को समझने की कोशिश कर रहे थे। गीता में भी इन्हीं मुद्दों पर बात की गई है।"

अन्य ग्रंथ 

गीता पढ़ने के लिए की थी संस्कृति की पढ़ाई

ओपेनहाइमर की संस्कृत में खासा रुचि थी। उन्होंने बर्कली यूनिवर्सिटी के संस्कृत स्कॉलर अर्थर राइडर से संस्कृत पढ़ी थी। गीता को उसके मूल रूप में पढ़ने के लिए उन्होंने संस्कृत सीखा था। भगवद गीता के अलावा उन्होंने कालिदास की मेघदूत भी पढ़ी थी, जबकि वेद समझना उनके लिए कठिन हो गया था। फिल्म में भी ओपेनहाइमर के जीवन में गीता के प्रभाव को दिखाया गया है। इससे गीता में उनकी रुचि में लोग भी काफी दिलचस्पी ले रहे हैं।

फिल्म 

गीता को लेकर फिल्म पर भी विवाद

वैज्ञानिक के अनुवाद पर विवाद होने के साथ ही फिल्म में भी गीता के श्लोकों की प्रस्तुति को लेकर खूब बवाल हुआ है। दरअसल, फिल्म में एक इंटिमेट सीन के दौरान बैकग्राउंड में गीता के श्लोक डाले गए हैं। इससे भारतीय दर्शक निर्माता और सेंसर बोर्ड पर भड़क गए हैं। विवाद बढ़ने पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सेंसर बोर्ड से जवाब मांगा था। 'ओपेनहाइमर' में अभिनेता सिलियन मर्फी मुख्य भूमिका में नजर आए हैं।