Page Loader
'ओपेनहाइमर' में भगवद गीता का अपमान, भारतीय दर्शकों का सेंसर बोर्ड पर फूटा गुस्सा
'ओपेनहाइमर' पर भड़के दर्शक (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@oppenheimermovie)

'ओपेनहाइमर' में भगवद गीता का अपमान, भारतीय दर्शकों का सेंसर बोर्ड पर फूटा गुस्सा

Jul 22, 2023
12:48 pm

क्या है खबर?

क्रिस्टफर नोलान की चर्चित फिल्म 'ओपेनहाइमर' शुक्रवार को रिलीज हो गई है। यह हॉलीवुड फिल्म काफी समय से चर्चा में थी और भारतीय दर्शक भी इसका इंतजार कर रहे थे। रणबीर कपूर और अर्जुन कपूर समेत कई सितारे भी फिल्म देखने के लिए पहुंचे। हालांकि, फिल्म देखने के बाद भारतीय दर्शक काफी निराश हुए और फिल्म के बहिष्कार की भी मांग कर रहे हैं। दरअसल, फिल्म में भगवद गीता के आपत्तिजनक इस्तेमाल को लेकर दर्शक भड़के हुए हैं।

खबर

सेक्स सीन में भगवद गीता का इस्तेमाल

फिल्म के एक बोल्ड दृश्य पर बवाल मचा हुआ है। रॉबर्ट ओपनहाइमर का किरदार निभा रहे अभिनेता सिलियन मर्फी सेक्स सीन में भगवद गीता पढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म देखने के बाद ट्विटर पर भारतीय दर्शकों के गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि यह इस पवित्र धार्मिक पुस्तक का अपमान है। दर्शक हैरान हैं कि भारत में रिलीज से पहले इस दृश्य को ब्लर किया गया, लेकिन गीता के श्लोक रहने दिए गए।

नाराजगी

सेंसर बोर्ड पर भड़के दर्शक

दर्शकों ने भारतीय सेंसर बोर्ड पर सवाल उठाए हैं। यह नोलान की पहली R-रेटेड फिल्म है, जबकि भारत में इसे U/A सर्टिफिकेट के साथ रिलीज कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में दृश्यों को ब्लर करना भी खुद निर्माताओं का फैसला था। सेंसर बोर्ड ने सिर्फ एक जगह एक गाली म्यूट की है। दर्शकों ने सवाल किया कि क्या सेंसर बोर्ड को इस बात की भी समझ नहीं थी कि इस दृश्य से लोगों को ठेस पहुंचेगी।

वजह

फिल्म में क्यों शामिल की गई गीता?

'ओपेनहाइमर' वैज्ञानिक जे रॉबर्ट ओपेनहाइमर के जीवन पर आधारित है। ओपेनहाइमर ने परमाणु बम बनाया था। वह अपने जीवन में संस्कृत में काफी दिलचस्पी रखते थे। इसके लिए उन्होंने भगवद गीता समेत कई हिंदु ग्रंथ पढ़े थे। यही वजह है कि फिल्म में भगवद गीता के श्लोकों का कई जगह इस्तेमाल हुआ है। रिलीज से पहले मर्फी ने एक बयान में भी कहा था कि फिल्म की तैयारी करने के लिए उन्होंने भगवद गीता पढ़ी है।

हॉलीवुड फिल्में

सिनेमाघरों में छाईं ये हॉलीवुड फिल्में

भारतीय दर्शक रिलीज से पहले इस फिल्म का दिलचस्पी के साथ इंतजार कर रहे थे। 'ओपेनहाइमर' के साथ ही शुक्रवार को मार्गट रोबी और रेयान गोसलिंग की फिल्म 'बार्बी' भी रिलीज हुई है। यह फिल्म भी दर्शकों के बीच खूब चर्चा में थी। इनके अलावा पिछले हफ्ते ही सिनेमाघरों में टॉम क्रूज की फिल्म 'मिशन इंपॉसिबल: डेड रेकॉनिंग 1' आई थी। इस फिल्म की दुनियाभर में चर्चा हो रही है।