लोकार्नो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में नसीरुद्दीन शाह की 'रेहमत' का जलवा, 'गोल्डन लेपर्ड' की दौड़ में भारत की इकलौती उम्मीद
गुरविंदर सिंह की पंजाबी फिल्म 'रेहमत' इस साल स्विट्जरलैंड में होने वाले लोकार्नो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की मुख्य प्रतियोगिता में इकलौती भारतीय फिल्म के तौर पर शामिल हुई है और काफी सुर्खियां बटोर रही है।
इसे फेस्टिवल के सबसे बड़े अवॉर्ड 'गोल्डन लेपर्ड' के लिए नामांकित किया गया है। इसके साथ ही, 'पार्डो फॉर चेंज' अवॉर्ड के लिए भी इसे नामांकन मिला है।
यह फिल्म फेस्टिवल 5 अगस्त से 15 अगस्त तक चलेगा।
अजीत कौर की 3 पंजाब की कहानियों को पिरोती है 'रेहमत'
'रेहमत' अजीत की छोटी कहानियों पर आधारित फिल्म है। यह आज के पंजाब की पृष्ठभूमि पर बनी 3 कहानियों को आपस में जोड़ती है।
ये कहानियां परिवार के संघर्षों, दुख और उम्मीद के पहलुओं को खंगालती हैं। इनमें एक रहस्यमयी अजनबी भी है, जो खुद को भगवान बताता है। नसीरुद्दीन शाह और कुछ नए कलाकारों के साथ, यह फिल्म निर्देशक गुरविंदर सिंह के विचारोत्तेजक कहानी कहने के अंदाज को आगे बढ़ाती है। उनकी पिछली फिल्में वेनिस और कान जैसे फिल्म फेस्टिवलों में भी दर्शकों की खूब वाहवाही बटोर चुकी हैं।