75 की उम्र में भी ममूटी का जलवा बरकरार, 'मेला' के पहले लुक ने कराया 1980 का जादू याद
मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी हाल ही में 75 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन के इस खास मौके पर फिल्ममेकर्स ने उनकी अगली फिल्म 'मेला' का एलान किया है।
नीतीश सहदेव के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 1980 की क्लासिक 'मेला' को याद करती है, जिसमें युवा ममूटी ने सर्कस की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी में काम किया था।
फिल्म के पहले लुक पोस्टर ने इसका माहौल पूरी तरह से साफ कर दिया है। इसमें ममूटी एक पुराने, जर्जर सर्कस टेंट के अंदर काले शर्ट और मुंडू पहने आराम से बैठे दिख रहे हैं।
नीतीश सहदेव की तीसरी फिल्म है 'मेला'
'ममूटी कंपनी' के बैनर तले बन रही 'मेला' का सह-लेखन नीतीश सहदेव और अनूराज ओबी ने मिलकर किया है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी जिम्शी खालिद ने की है और विष्णु विजय ने इसमें संगीत दिया है।
यह नीतीश सहदेव की 'फलमी' (2023) और 'थलाइवर थम्बी थलाइमैयिल' (2026) के बाद तीसरी फिल्म है।
उधर, ममूटी के पास भी आने वाले समय के लिए कई प्रोजेक्ट्स हैं। इनमें तमिल गैंगस्टर फिल्म 'ओएम - चैप्टर 1' के अलावा दो मलयालम फिल्में 'मट्टनचेरी माफिया' और 'पदायात्र' शामिल हैं।