
अर्जुन रामपाल ने इन फिल्मों में दिखाया खलनायकी का दम, 2 में शाहरुख खान से भिड़े
क्या है खबर?
वेब सीरीज 'राणा नायडू' के दूसरे सीजन में जहां राणा दग्गुबाती अपने अभिनय के लिए वाहवाही लूट रहे हैं, वहीं इस सीरीज के विलेन अर्जुन रामपाल भी कम सुर्खियों में नहीं हैं।
लंबी चौड़ी कद-काठी वाले राणा जहां तेज-तर्रार फिक्सर के रूप में विश्वसनीय लगे हैं, वहीं अर्जुन पर भी विलेन वाला अवतार खूब जंचता है। वैसे ये पहला मौका नहीं, जब अर्जुन खलनायक बनकर पर्दे पर छाए हों।
एक नजर अर्जुन की खलनायकी वाली 5 फिल्मों पर।
#1
'ओम शांति ओम'
बॉलीवुड में ऐसे कई सितारे हैं, जिन्होंने शुरुआत बतौर हीरो की, लेकिन जब उनकी हीरोगिरी पर्दे पर नहीं चली तो उन्होंने विलेन बनकर अपना करियर बचाने की कोशिश की। उन्हीं कलाकारों में से एक हैं अर्जुन रामपाल, जिन्होंने खलनायकी के दम पर अपना डूबते करियर की नैया पार लगाई थी।
वह शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'ओम शांति ओम' में खलनायक बनकर छा गए थे। अर्जुन के लिए मील का पत्थर साबित हुई यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर है।
#2
'रा.वन'
अर्जुन ने शाहरुख खान की फिल्म 'रा. वन' में काम किया था। साल 2011 में सिनेमाघरों में आई यह शाहरुख खान के साथ उनकी दूसरी फिल्म थी।
कमाल की बात है कि इस बार फिर अभिनेता पर्दे पर शाहरुख से दो-दो हाथ करते दिखे थे।
सुपरविलेन बनकर अर्जुन ने खूब तबाही मचाई थी। फिल्म का नाम अर्जुन के किरदार के नाम 'रा. वन' पर रखा गया था।
आप अमेजन प्राइम वीडियो पर इस फिल्म का लुत्फ उठा सकते हैं।
#3
'राजनीति'
साल 2010 में रिलीज हुई निर्देशक प्रकाश झा की फिल्म 'राजनीति' में भी अर्जुन का किरदार काफी चर्चा में रहा।
उन्होंने इसमें राजनेता पृथ्वीराज प्रताप का किरदार इतनी संजीदगी से निभाया था कि दर्शकाें के साथ-साथ समीक्षकों ने भी उनकी खूब सराहना की थी। फिल्म में अर्जुन की नकारात्मक भूमिका की खूब तारीफ हुई थी।
अजय देवगन, नाना पाटेकर, रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ भी इस फिल्म का हिस्सा थीं।
यूट्यूब पर यह फिल्म देखी जा सकती है।
#4 और #5
'धाकड़' और 'डैडी'
कंगना रनौत की फिल्म 'धाकड़' बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी, लेकिन इसमें कंगना के साथ-साथ अर्जुन ने भी दर्शकों का खूब ध्यान आकर्षित किया था। रुद्रवीर के रूप अर्जुन ने अपनी खलनायकी से दर्शकों का दिल जीत लिया था। ZEE5 पर यह फिल्म मौजूद है।
दूसरी ओर फिल्म 'डैडी' में गैंगस्टर अरुण गवली का किरदार निभाकर भी अर्जुन ने सबको अपना मुरीद बना लिया था। यूट्यूब और अमेजन प्राइम वीडियो पर आप यह फिल्म देख सकते हैं।