Loading...
केंडल जेनर ने ऐसा क्या किया कि भड़क उठे भारतीय? दे डाली ये नसीहत
केंडल जेनर पर भड़के यूजर्स, कहा- ओम-त्रिशूल कोई फैशन नहीं

केंडल जेनर ने ऐसा क्या किया कि भड़क उठे भारतीय? दे डाली ये नसीहत

Nov 26, 2026
06:46 pm

क्या है खबर?

अमेरिकी मॉडल केंडल जेनर अपने कपड़ों को लेकर विवादों में आ गई हैं। हाल ही में वाे बहामास में छुट्टियां मनाने गई थीं। इस दौरान वो काले रंग की बिकिनी और पीले रंग के सरॉन्ग (बीचवेयर) में दिखीं, जिस पर 'ओम' और त्रिशूल समेत हिंदू धार्मिक चिह्न बने थे। उनकी बहन काइली जेनर ने ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिनके सामने आते ही भारतीय यूजर्स भड़क उठे। उन्होंने धार्मिक चिह्नों के इस्तेमाल पर केंडल की कड़ी आलोचना की।

ट्रोलिंग

हिंदू धार्मिक चिह्नों वाली बिकिनी पहनने पर केंडल जेनर की आलोचना

केंडल जेनर के बिकिनी लुक को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी आलोचना हो रही है।

दरअसल, उन्होंने ऐसे कपड़े पहने थे, जिन पर 'ॐ' और त्रिशूल जैसे हिंदू धार्मिक चिह्न बने हुए थे। लोगों को इन पवित्र चिह्नों का बिकिनी के साथ इस्तेमाल करना पसंद नहीं आया। उनका कहना है कि जिन धार्मिक चिह्नों की पूजा की जाती है, उनका इस्तेमाल समुद्र किनारे पहने जाने वाले कपड़ों पर करना सही नहीं है।

आस्था

भारतीय बोले- सिर्फ निशान नहीं, आस्था की पहचान

लोगों का तर्क है कि 'ओम' हिंदू धर्म के सबसे पवित्र प्रतीकों में से एक है। इसका संबंध प्रार्थना, ध्यान और पूजा से है।

हिंदू धर्म में इसे परम सत्य का प्रतीक माना जाता है। ये सिर्फ सजावट के लिए इस्तेमाल होने वाला कोई निशान नहीं।

इसी तरह त्रिशूल का संबंध भगवान शिव से है और यह उनके प्रमुख प्रतीकों में से एक है। हिंदू धर्म को मानने वाले लोगों के लिए 'ओम' और त्रिशूल का गहरा धार्मिक महत्व है।

ADVERTISEMENT

प्रतिक्रिया

लोग बोले- क्रॉस या आयत होती तो बवाल मचता

पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, 'ओम सिर्फ डिजाइन या फैशन स्टेटमेंट नहीं है, ये करोड़ों हिंदुओं के लिए आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति का पवित्र प्रतीक है।'

एक यूजर ने बड़े विवाद की आशंका जताई तो दूसरे ने सनातन धर्म का जिक्र कर केंडल की आलोचना की।

एक ने लिखा कि क्रॉस, डेविड स्टार या कुरान की आयत तौलिए पर छपी होती तो भारी बवाल मचता, लेकिन हिंदू प्रतीकों पर इसे 'सिर्फ फैशन' कहा जाता है।

ADVERTISEMENT

हिदायत

धार्मिक चिह्नों के सम्मान पर लोगों ने दी नसीहत

एक अन्य यूजर ने कहा कि हिंदू धर्म के पवित्र चिह्नों को स्विमवियर के साथ फैशन के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। सेलेब्स और उनके स्टाइलिस्ट को ऐसे कपड़े पहनने से पहले धार्मिक चिह्नों के महत्व के बारे में जानकारी लेनी चाहिए।

एक ने सवाल किया कि क्या केंडल को सच में हिंदू धर्म में दिलचस्पी है या उन्होंने ये कपड़े सिर्फ फैशन के लिए पहने हैं।हालांकि, अभी तक केंडल ने इस मामले पर कोई जवाब नहीं दिया है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए केंडल की तस्वीर

लोकप्रियता

केंडल जेनर की लोकप्रियता और चर्चाएं

केंडल जेनर ने बचपन में ही टीवी शो 'कीपिंग अप विद द कार्डाशियंस' से पहचान बना ली थी। ये शो 2007 से 2021 तक चला था। इसके बाद वो इस शो के कई भागों में भी नजर आईं।

आज केंडल फैशन की दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मॉडल्स में शामिल हैं। वो अभिनेता जैकब एलोर्डी संग अपने रिश्ते को लेकर भी खूब चर्चा में रहती हैं। हालांकि, दोनों ने अब तक अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की है।

ADVERTISEMENT