LOADING...
'ओ रोमियो' ने छोड़ी छाप, 6 साल बाद शाहिद कपूर को मिली इतनी बड़ी शुरुआत
'ओ रोमियो' ने खत्म किया शाहिद कपूर का 6 साल का इंतजार (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@shahidkpr_admirer)

'ओ रोमियो' ने छोड़ी छाप, 6 साल बाद शाहिद कपूर को मिली इतनी बड़ी शुरुआत

Feb 14, 2026
03:17 pm

क्या है खबर?

शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' ने बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया शुरुआत की है। इस फिल्म ने पहले ही दिन इतनी कमाई कर ली है कि ये पिछले 6 सालों में शाहिद की पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। वैलेंटाइन के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म के साथ शाहिद का बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर पुराना जादू देखने को मिल रहा है। आइए जानते हैं पहले दिन फिल्म ने कितनी कमाई की।

कमाई

फिल्म ने इतने करोड़ रुपये के साथ खोला खाता

शाहिद की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ओ रोमियो' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। कोरोना महामारी के बाद रिलीज हुई शाहिद की सभी फिल्मों में से ये फिल्म सबसे बड़ी ओपनर साबित हुई है। एडवांस बुकिंग के रुझानों को देखते हुए फिल्म ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया है और शाम के शोज में दर्शकों की बढ़ती संख्या ने इसके कारोबार में और सुधार किया है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 8.5 करोड़ रुपये कमाए हैं।

तुलना

'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' को भी छोड़ा पीछे

विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी 'ओ रोमियो' की पहले दिन की कमाई शाहिद की कोरोना महामारी के बाद रिलीज हुई हर फिल्म से कहीं ज्यादा है। इससे पहले महामारी के बाद उनकी पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' (6.70 करोड़) थी, जिसके बाद हाल ही में आई 'देवा' (5.50 करोड़) का नंबर था। अब 'ओ रोमियो' ने इन दोनों ही फिल्मों के रिकॉर्ड को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है।

Advertisement

जानकारी

'कबीर सिंह' (2019) के बाद की सबसे बड़ी ओपनिंग

शाहिद की सबसे बड़ी फिल्म 'कबीर सिंह' 2019 में आई थी, जिसने पहले दिन 20.21 करोड़ कमाए थे। उसके बाद से पिछले 6 सालों में (2020 से 2026 के बीच) शाहिद की कोई भी फिल्म 'ओ रोमियो' के ओपनिंग आंकड़े के करीब नहीं पहुंच पाई।

Advertisement

उम्मीद

वैलेंटाइन डे पर कमाई में उछाल की उम्मीद

रिलीज से पहले फिल्म के शानदार ट्रेलर और गानों ने काफी चर्चा बटोरी थी। हालांकि, फिल्म की रिलीज तक वो शुरुआती उत्साह धीमा पड़ गया था, लेकिन शाहिद और विशाल के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए पहले दिन की ओपनिंग को संतोषजनक माना जा रहा है। फिल्म को लेकर दर्शकों की शुरुआती प्रतिक्रिया मिली-जुली रही है। बावजूद इसके आज वैलेंटाइन डे (शनिवार) होने के कारण फिल्म की कमाई में सामान्य शनिवार के मुकाबले बड़ा उछाल आने की पूरी संभावना है।

कहानी

क्या है ओ रोमियो' की कहानी?

फिल्म 'ओ रोमियो' की कहानी उस्तरा (शाहिद) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अंडरवर्ल्ड का एक बेरहम गैंगस्टर और कॉन्ट्रैक्ट किलर है। खून-खराबे और अंधेरे में डूबी उसकी जिंदगी तब बदल जाती है, जब उसकी मुलाकात अफशां (तृप्ति डिमरी) से होती है। अफशां अपनी एक खास गुहार लेकर उसके पास आती है और यहीं से शुरू होता है दो टूटे हुए दिलों का एक अनोखा सफर। नाना पाटेकर और अविनाश तिवारी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।

Advertisement