
नुसरत भरूचा की 'छोरी 3' का ऐलान, निर्देशन ने कहा- यह बनेगी जरूर
क्या है खबर?
अभिनेत्री नुसरत भरूचा इन दिनों फिल्म 'छोरी 2' को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी यह फिल्म बीते 11 अप्रैल को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी।
फिल्म में नुसरत और सोहा अली खान की अदाकारी ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।
'छोरी 2' की सफलता के बीच अब फिल्म के निर्देशक विशाल फुरिया ने फिल्म की तीसरी किस्त का ऐलान कर दिया है।
आइए जानें उन्होंने 'छोरी' के तीसरे भाग को लेकर क्या कहा।
बयान
हां कोशिश है कि बनाएंगे- विशाल
हाल ही में नुसरत और विशाल ने अमर उजाला संवाद में शिरकत की, जहां निर्देशक ने बातों-बातों में तीसरी किस्त का ऐलान कर दिया।
जब निर्देशक विशाल से 'छोरी 3' के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हां कोशिश है कि बनाएंगे। हर एक फिल्म का सीक्वल उसे मिले प्रतिक्रिया पर निर्भर करता है। दर्शकों को फिल्म काफी पसंद आई है। यह बहुत अच्छा है। दिमाग में कुछ विचार हैं। यह बनेगी जरूर। इसकी एक प्रकिया है। समय लगेगा।"
कहानी
क्या है 'छोरी 2' की कहानी?
'छोरी 2' की कहानी 'छोरी' के 7 साल बाद के समय से शुरू होती है। साक्षी (नुसरत) ने 7 साल पहले अपने सास-ससुर और पति को मार दिया था।
उसकी छोरी ईशानी (हार्दिका शर्मा) बड़ी हो चुकी है। ईशानी को सोलर अर्टिकेरिया नाम की गंभीर बीमारी है, जिसके चलते वह सूरज की रोशनी में नहीं जा सकती। उसके पिता ने उसके पीछे शैतानी शक्तियां लगाई हैं।
बेटी को मौत के बवंडर से साक्षी कैसे बचाती है, यह देखने लायक है।